नोटबंदी के बीच बेटों की शादी के लिए नकदी निकलवाने के लिए बैंक की लाइन में लगे रिटायर्ड बेलदार की वीरवार सुबह मौत हो गई। मृतक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के पैतृक गांव डांगरा का रहने वाला था। उनके घर में 18 दिसंबर को दोनों बेटों की शादी है।
गांव डांगरा निवासी देशराज (60) वीरवार सुबह अपने बेटे और संबंधी के साथ रेलवे रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से रुपये निकलवाने आए थे। वे रुपये लेने के लिए लाइन में लगे थे कि अचानक उन्हें घबराहट होने लगी। इस पर वह लाइन छोड़कर फुटपाथ पर बैठ गए। थोड़ी देर बाद वह अचानक फुटपाथ ही गिर गए। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। इस पर उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
घर में पसरा मातम
परिजनों ने बताया कि मृतक देशराज इसी वर्ष सितंबर महीने में पिरथला डिस्ट्रीब्यूटरी से मैट के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने अपने दोनों बेटों बलजीत और मनीष की शादी 18 दिसंबर को तय की थी। नवंबर से नोटबंदी के चलते वो परेशान घूम रहे थे। परिजनों ने बताया कि पिछले कई दिनों से वे बैंकों की लाइन में लगते थे, लेकिन जब तक उनकी बारी आती तब तक कैश खत्म हो जाता था। नियमानुसार शादी के लिए ढाई लाख रुपये निकलवाने को उन्होंने कागजी कार्यवाही पूरी कर ली थी। इसी के बाद पिछले तीन-चार दिनों से वे बैंक की लाइन में लग रहे थे। वीरवार को बैंक की लाइन लंबी होने से परिवार के तीन सदस्य सुबह नौ बजे लाइन में लगे, लेकिन किसी को कैश मिलने से पहले ही यह हादसा हो गया।
क्या कहते है प्रत्यक्षदर्शी।
इस बारे में रोहित मेहता ने बताया कि देशराज रुपये निकालने के लिए लाइन लगे हुए थे। अचानक उन्हें चक्कर आ गया और वह गिर पड़े। इससे उनके सिर पर चोट लगी और खून निकलने लगा। साथ आए परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।