गांव पीलीमंदोरी के समीप फतेहाबाद ब्रांच नहर टूटने से सैकड़ों एकड़ भूमि में पानी फैल गया। इस नहर मेें करीब 80 फुट चौड़ी दरार आ गई। नहर टूटने से खड़ी फसल डूब गई। सिंचाई विभाग को सूचना मिलते ही फतेहाबाद ब्रांच नहर का पानी रोककर टूटी पटरी को पाटने का काम शुरू करा दिया।
गांव पीलीमंदोरी और नहराना के बीच बुधवार रात करीब दो बजे फतेहाबाद ब्रांच की बुर्जी नम्बर 297100 लेफ्ट साइड पर दरार आ गई। इस नहर की पटरी में गांव पीलीमंदोरी निवासी किसान कन्ही राम के खेत के पास नहर में दरार आ गई। कुछ समय में ही यह दरार फैल कर करीब 80 फुट तक पहुंच गई। नहर टूटने से गांव पीलीमंदोरी और नहराणा की करीब 250 से 300 एकड़ भूमि में पानी फैल गया। इस पानी से नरमा, कपास, ग्वार, मूंगफली की फसलों में पानी भर गया।
किसानों का कहना है कि खरीफ की यह फसल पक कर लगभग तैयार हो गई है। किसान अपनी इस फसल को समेटने के लिए परिवार सहित लगे हुए थे।
लेकिन नहर टूटने से उनकी अधिकतर पकी हुई फसल खराब हो गई है। कई किसानों के ट्यूबवेल के कुओं में पानी भर गया। मौका पर एस ई राजेश विश्नोई, एक्सईएन विनोद कुमार जग्गा, एसडीओ दीपक कुमार, एसडीओ अजीत हुड्डा, जेई अशोक कुमार, जेई ईश्वर सिह, नाथुसरी चौपटा के नायब तहसीलदार छेलुराम मौके पर पंहुचे। जिन्होने बनमंदोरी हैड से नहर को बन्द करवाकर नहर का कट पाटने काम शुरू करा दिया। इस नहर के टुटने से सिरसा जिले के गांव नहराणा व भट्टू कलां खण्ड के गांव पीलीमंदोरी के किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
नहर टूटने से अनेक गांवों के किसानों की सिंचाई भी प्रभावित हुई है। नायब तहसीलदार छेलूराम ने कहा कि फतेहाबाद ब्रांच नहर टूटने की सूचना मिलते ही इस नहर का पानी तुरंत कम करा दिया गया था। जेसीबी व ट्रैक्टरों की सहायता से ब्रांच की टूटी पटरी को पाटने का काम पूरे जोरों से चल रहा है। यह काम पूरा होते ही ब्रांच में पानी छोड़ दिया जाएगा।