फतेहाबाद। हरियाणा दिवस के अवसर पर शनिवार को डीपीआरसी हाल में सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में समूह नृत्य, एकल नृत्य, रागनी एकल गीत, पेंटिंग, रंगोली, हरियाणवी व्यंजन प्रतियोगिता करवाई गई।
समूह नृत्य में डीएवी स्कूल ने प्रथम, शांति निकेतन स्कूल ढिंगसरा ने द्वितीय व जेएनवी खारा खेड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया जबकि राजकीय आईटीआई भोडिया खेड़ा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। एकल नृत्य में आरोही मॉडल स्कूल सरवरपुर ने प्रथम, राजकीय कन्या स्कूल सरवरपुर ने द्वितीय, एमएम कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया जबकि शांति निकेतन स्कूल ढिंगसरा को सांत्वना पुरस्कार मिला।
इसी प्रकार से एकल गीत/रागनी में एमएम कॉलेज ने प्रथम, डीएवी स्कूल ने द्वितीय, आरोही मॉडल स्कूल सरवरपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली बनाओ प्रतियोगिता में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय बड़ोपल ने प्रथम, राजकीय कॉलेज रतिया ने द्वितीय, आरोही मॉडल स्कूल सरवरपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरसीन ने द्वितीय तथा पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धांगड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हरियाणवी व्यंजन प्रतियोगिता में फतेहाबाद ब्लॉक ने प्रथम, भट्टू ब्लॉक ने द्वितीय तथा जाखल ब्लॉक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं उत्सव की इस शृंखला में पूर्व विधायक दुड़ाराम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर प्रतिभागियों को हौसला बढ़ाया। दुड़ाराम का अधिकारियों ने पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने उपस्थितजन को हरियाणा दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दी। पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा कि हरियाणा प्रदेश ने अपने गौरवशाली इतिहास के 59 साल पूर्ण कर 60वें साल में प्रवेश किया है।
इन वर्षों के दौरान हरियाणा प्रदेश ने अनेक क्षेत्रों में विकास के नये आयाम स्थापित किए है। साथ ही तरक्की की ओर अग्रसर हुआ है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में लाडो लक्ष्मी योजना के लाभार्थियों को 2100 रुपये की राशि जारी की है। कार्यक्रम संपन्न होने पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधीक्षक राज कुमार ने किया।