जिला अंडर 12 क्रिकेट लीग टूर्नामेंट की विजेता टीम अतिथियों के साथ। जिला क्रिकेट एसोसिएशन
फतेहाबाद। जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में फतेहाबाद बी टीम ने फतेहाबाद ए टीम को 8 विकेट से हराकर चैंपियनशिप जीत ली। यह मुकाबला एमएम कॉलेज के मैदान में खेला गया।
इसमें फतेहाबाद ए टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 28.2 ओवर में 104 रन बनाए और पूरी टीम आउट हो गई। मोहित बिश्नोई ने सबसे अधिक 27 रन और यतिन सुथार ने 21 रन बनाए। फतेहाबाद बी टीम की गेंदबाजी में करमजोत ने 20 रन देकर चार विकेट और गुरमन सिंह ने 15 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
इसके बाद, फतेहाबाद बी टीम ने 23.5 ओवर में दो विकेट खोकर 105 रन बनाकर यह मैच 8 विकेट से जीत लिया। बी टीम की तरफ से आदित्य शर्मा ने 26 रन और कृष्ण सिंह ने 35 रन बनाए। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर करमजोत को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया, जबकि परमजीत सिंह को टूर्नामेंट का मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड मिला।
इस अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव नरेश कुलड़िया मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे और उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। इस मौके पर महेंद्र हुड्डा, रवि दत्त, विजय मिड्ढा, रजिंदर सिंह, अनूप कासवां, मेवा सिंह, इंद्रजीत सिंह, राहुल कुमार, जयवीर सिंह, गगन सिंह और वरिंदर सुथार भी उपस्थित रहे।