हरियाणा सरकार ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत हरा चारा उत्पादन विकास कार्यक्रम के लिए जई व बरसीम बीज के लिए 900 रुपये प्रति एकड़ किसानों को दिए जाने वाले अनुदान के लिए आवेदन मांगें है। इस संबंध में कृषि विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि फतेहाबाद जिला में हरा चारा उत्पादन विकास कार्यक्रम के लिए 350 एकड़ जई क्षेत्र तथा 14 एकड़ बरसीम क्षेत्र का लक्ष्य दिया गया है। अनुदान प्राप्त करने के इच्छुक किसान कृषि विभाग हरियाणा की वेबसाईट पर अपना आवेदन 15 नवंबर तक करके योजना से जुड़ सकते हैं। योजना पहले आओ पहले पाओ के आधार पर लागू की गई है।
योजना के तहत एक किसान अधिकतम एक एकड़ बरसीम व दो एकड़ जई क्षेत्र का लाभ ले सकता है। किसान किसी भी सरकारी या गैर सरकारी स्त्रोत से बीज खरीद सकता है। खरीद किए बीज का बिल किसान को संबंधित कृषि विकास अधिकारी के पास जमा करवाना होगा।
अनुदान की राशि किसानों के बैंक खातों में सीधे प्रदान की जाएगी। इस संबंध में अधिकारी जानकारी के लिए इच्छुक किसान अपने संबंधित कृषि विकास अधिकारी, खंड कृषि अधिकारी, उपमंडल कृषि अधिकारी या कृषि विभाग के उप निदेशक से संपर्क कर सकते हैं।