हड़ताल पर चल रहे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर एक बार फिर से प्रदेश सरकार ने सख्त रवैया अपनाया है। प्रदेश सरकार ने एक आदेश जारी कर हड़ताल पर चल रहे फतेहाबाद के एनएचएम के तहत कार्यरत 69 एंबुलेस कर्मचारियों को बर्खास्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
इसकी पुष्टि खुद सीएमओ डॉ. अशोक चौधरी ने भी कर दी है। सीएमओ की मानें तो उनके पास एंबुलेंस कर्मचारियों को बर्खास्त करने के आदेश आ चुके हैं। इन आदेशों में एक शर्त है कि अगर हड़ताल कर रहे कर्मचारी रात 12 बजे तक अपनी ड्यूटी पर लौट आते हैं, तो बर्खास्तगी के आदेश रद्द हो जाएंगे अन्यथा रविवार सुबह से हड़ताली एंबुलेंस कर्मचारी बर्खास्त माने जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के आदेश के बाद हड़ताली कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है, लेकिन बावजूद इसके हड़ताली कर्मचारियों के टस से मस होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। एनएचएम कर्मचारियों के जिलाध्यक्ष कुलदीप ने कहा है कि सरकार ऐसे आदेशों से उन्हें डरा और दबा नहीं सकती।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल जारी है और कर्मचारी अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। गौरतलब है कि हड़ताल के चलते प्रदेश सरकार फतेहाबाद के आयुष विभाग के कर्मचारी पुष्कर दहिया को पहले ही बर्खास्त कर चुकी है। इस हड़ताल के चलते अब तक स्वास्थ्य विभाग एनएचएम के 70 कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर चुका है।
उच्चाधिकारियों के आदेश मिले हैं कि हड़ताल पर चल रहे 69 एंबुलैंस कर्मचारियों को इस शर्त के साथ बर्खास्त कर दिया जाए कि अगर वो शनिवार रात 12 बजे तक डयूटी पर आ जाते हैं तो उनकी बर्खास्तगी के आदेश रद्द कर दिए जाएंगे। अन्यथा उन्हें बर्खास्त कर दिया जाएगा।
डा. अशोक चौधरी, सीएमओ, फतेहाबाद ।
एंबुलैंस कर्मचारियों के बर्खास्तगी के आदेश जारी कर सरकार ने एक बार फिर अपना कर्मचारी विरोधी चेहरा सामने ला दिया है। कर्मचारी इस आदेश से डरेंगे नहीं और हड़ताल पहले की तरह जारी रहेगी। Ó
कुलदीप, जिलाध्यक्ष , एनएचएम कर्मचारी एसोसिएशन ।