फतेहाबाद। लघु सचिवालय परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते किसान संगठन सदस्य। संवाद
फतेहाबाद। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के आह्वान पर मंगलवार को किसानों ने धान खरीद समेत कृषि संबंधी मुद्दों पर प्रदर्शन किया। किसानों ने डीसी कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को मुख्यमंत्री के नाम चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान ओमप्रकाश हसंगा ने की। प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान ने कहा कि धान खरीद पर 28 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा लगाई गई है। इससे किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने धान खरीद में कटौती और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरी फसल की बिना देरी खरीद करने की मांग की।
किसानों ने मेरी फसल-मेरा ब्योरा के लंबित पंजीकरण का तत्काल सत्यापन करने की मांग की। उन्होंने वंचित किसानों के लिए पोर्टल दोबारा खोलने की मांग भी रखी। प्रदर्शन में सुखदीप रंधावा, कर्मजीत सिंह सालमखेड़ा, मलकीत उप्पल, सुरजीत उप्पल, लवी बाठ, अमन बाठ, महेंद्र सिंह मोचीवाली और छबील दास ढाणी छतरियां सहित अन्य किसान मौजूद रहे।