रतिया मार्केट कमेटी कार्यालय मेंधरने में बैठे हुए किसान : संवाद
रतिया। मंडी में धान की खरीद शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने रविवार को पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के बैनर तले मार्केट कमेटी कार्यालय में धरना दिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि सोमवार 5 अक्तूबर तक खरीद शुरू नहीं हुई तो 6 अक्तूबर को कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी।
धरने की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान नाहर सिंह खाई और गुरलाल नथवान ने की। किसान नेताओं ने कहा कि सरकार ने पहले 25 सितंबर से धान खरीद शुरू करने की घोषणा की थी। इसके बाद 29 सितंबर को खरीद के निर्देश जारी किए गए। इसके बावजूद रतिया मंडी में किसान कई दिनों से धान लेकर बैठे हैं। खरीद नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। मंडी में रखी फसल के चोरी होने का खतरा भी बना हुआ है।
जिला उपप्रधान गग्गी चहल और सुखचैन सरपंच ने कहा कि सरकार किसानों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत खरीद शुरू करवाए। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर दिल्ली हाईवे जाम करने की चेतावनी भी दी गई। इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
धरने की सूचना मिलने पर मार्केट कमेटी सचिव ओम प्रकाश चहल मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को सोमवार से धान खरीद शुरू करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। इस अवसर पर सुखदीप रंधावा, पाल संधू, बालकरना, गुरविंदर तामसपुरा, परमजीत, प्रगट खोखर, इंद्रजीत समरा, प्रेम खोखर, निशान छोकर और प्रदीप लखा सहित अन्य किसान मौजूद रहे।