फतेहाबाद में भाजपा कार्यालय के बाहर डटे किसान।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा में भाजपा के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन जारी है। फतेहाबाद में भारतीय जनता पार्टी की बैठक की सूचना पाकर किसान संघर्ष समिति और किसान सभा से जुड़े किसान काले झंडे लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंच गए। किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सुरक्षा को देखते हुए भारी पुलिस बल के साथ डीएसपी दलजीत बैनीवाल और सुभाष बिश्नोई भाजपा कार्यालय के बाहर तैनात रहे।
बैठक में सांसद सुनीता दुग्गल और भाजपा के रतिया व फतेहाबाद से विधायकों के आने की सूचना थी मगर कुछ चुनिंदा कार्यकर्ता ही कार्यालय आए थे। किसानों के विरोध को देखते हुए वह कार्यकर्ता भी एक-एक करके वहां से निकल गए।
किसान भाजपा जिलाध्यक्ष के आने का इंतजार करते रहे। मगर दो घंटे बाद भी जिलाध्यक्ष नहीं आए। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने किसानों को समझाने का प्रयास किया कि भाजपा कार्यालय में अब कोई कार्यकर्ता नहीं है और बैठक भी नहीं हुई है, इसलिए वह घरों को लौट जाएं।
कार्यालय स्टाफ को लेकर भी अड़े रहे किसान
किसान संगठनों के सदस्य भाजपा कार्यालय में मौजूद कुछ स्टाफ सदस्यों को भी वहां से भेजने की बात पर अड़े रहे। कार्यालय प्रभारी बनवारी लाल गहलोत ने उन्हें बताया कि रसोइया, कार्यालय सचिव, कंप्यूटर ऑपरेटर आदि स्टाफ सदस्य यहां नियमित रूप से काम करते हैं। अधिकतर स्टाफ सदस्य रात में भी कार्यालय में ही रुकते हैं। इसलिए वे यहीं रुकेंगे। कार्यालय को ताला नहीं लगा सकते हैं। किसान यही कहते रहे कि सभी को बाहर निकालकर कार्यालय को बंद करो। दोपहर एक बजे तक भाजपा के जिला कार्यालय के बाहर एक तरफ किसान और दूसरी तरफ पुलिस बल मौजूद था।