भट्टूकलां में अधिकारी को उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते किसान। स्त्रोत कृष्ण चंद्र
फतेहाबाद। ऑब्जेक्शन के नाम पर बीमा कंपनियों की मनमानी के विरोध में किसानों ने सोमवार को अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले भट्टूकलां में सड़कों पर उतरकर रोष प्रदर्शन किया। किसानों ने तहसील कार्यालय के बाहर धरना देकर बीमा कम्पनी के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता किसान नेता सुभाष चंद्र भादू ने की तथा संचालन रोहताश डूडी ने किया। प्रदर्शन में किसान सभा के जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा ने भाग लिया। प्रदर्शन के बाद नायब तहसीलदार को उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर बीमा कंपनियों द्वारा क्लेम न देने के आरोप लगाए।
किसानों ने ऑब्जेक्शन हटा तुरंत क्लेम जारी करवाने और सरकार द्वारा सेम व बारिश के जलभराव से प्रभावित किसानों को तुरंत आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इस अवसर पर मा. हनुमान सिंह, कृष्ण चन्द्र, सोहन लाल, मनोहर लाल, मुनीष कुमार, रिछपाल सिंह, जगदीश चंद्र सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।