हिसार में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के बाद जिले के किसान भी भड़क गए। भड़के किसानों ने रविवार शाम को जगह-जगह रोड जाम कर दिए। घटना की वीडियो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इसके बाद नाराज किसानों ने जिले में अलग-अलग जगहों पर रोड पर जाम लगा दिए। जानकारी के मुताबिक कुल सात जगहों पर जाम लगाए गए। इनमें रतिया शहर, समैन बस अड्डा, कन्हड़ी बस अड्डा, अकांवाली बस अड्डा, तलवाड़ा बस अड्डा व गांव पीलीमंदोरी में जाम लगाया। हालांकि शाम को सूचना मिली कि पीलीमंदोरी में जाम खोल दिया गया।
नेशनल हाईवे पर लगाया जाम
टोहाना। हिसार में किसानों पर लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले फेंकने के विरोध में गंाव कन्हड़ी के किसानों ने नेशनल हाईवे 148बी पर जाम लगाकर हिसार चंडीगढ़ रोड जाम कर दिया। किसानों ने कहा कि जो दिल्ली से संयुक्त किसान मोर्चा के आदेश आएंगे, उसके अनुसार ही कार्यवाही की जाएगी। जाम की सूचना पाकर पहुंची शहर पुलिस ने किसानों को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान नहीं माने तथा जाम जारी रहा। इसके अलावा समैन के किसानों ने भी रोड जाम किया।
भट्टूकलां में चोपटा मार्ग पर लगाया जाम, किया प्रदर्शन
भट्टूकलां। पीलीमंदोरी के संयुक्त किसान मोर्चा के धरना स्थल पर बैठे किसानों ने रविवार दोपहर को चोपटा से भट्टू मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों ने मांग की है कि सरकार गिरफ्तार किसानों को रिहा करे और लाठी चार्ज पर सरकार माफी मांगे। किसान विजय सिंह जाखड़, संदीप गोरछिया, रामप्रसाद, कृष्ण कुमार, छोटूराम, गोपीराम, बृजलाल, निहाल सिंह, सतबीर सहित अनेक किसानों ने बताया कि अगर रविवार शाम तक सरकार किसानों से माफी नहीं मांगती है, तो सोमवार को सभी आसपास के गांवों के किसान भट्टू थाना के आगे धरना प्रदर्शन करेंगे।
रतिया में बुढ़लाडा रोड पर जाम लगाया
रतिया। लाठीचार्ज के विरोध में क्षेत्र के किसान संगठनों में रोष फैल गया। सैकड़ों किसानों ने एकत्रित होकर बुडलाडा रोड स्थित विधायक लक्ष्मण नापा के कार्यालय के बाहर जाम लगा धरना शुरू कर दिया। धरना दे रहे किसान नेता राम जाट, निर्मल सिंह, मनजीत, कुलदीप का आरोप था कि प्रदेश सरकार ने किसानों पर लाठीचार्ज करके अपनी घटिया मानसिकता का परिचय दिया है। सरकार उनके साथ अन्याय कर रही है और किसान सरकार के जुल्म सहन नहीं करेंगे। किसानों ने कहा कि किसान यूनियन के निर्देशानुसार उन्होंने 2 घंटे का सांकेतिक धरना दिया है। संगठन के निर्देश पर अगला निर्णय लेंगे।