समैन। टोहाना खंड के गांव समैन में अप्रैल 2025 में बिजली की तार में शॉर्ट सर्किट से जली गेहूं की फसल का मुआवजा न मिलने से किसानों में गहरा रोष है। किसानों का कहना है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की घोषणा की थी, लेकिन सात महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें एक रुपये की राहत राशि तक नहीं मिली है।
किसान विश्वजीत, रामपाल, सुरेंद्र, सीताराम, कुला राम और महेंद्र सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल को गांव के ललोदा रोड के पास बिजली की तार में शॉर्ट सर्किट होने से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई थी। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही समय में करीब 55 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल नष्ट हो गई। किसानों के अनुसार, कई ने जमीन ठेके पर ले रखी थी। आग लगने से खेतों में एक दाना भी नहीं बचा।
किसानों का कहना है कि मुआवजा दिलाने के लिए उन्होंने टोहाना के एसडीएम और फतेहाबाद के डीसी से भी मुलाकात की, लेकिन आज तक न तो कोई अधिकारी मौके पर दोबारा आया और न ही मुआवजे की राशि जारी की गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने केवल आश्वासन दिए, पर अमल नहीं किया।
किसानों का कहना है कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलता, वे प्रशासनिक दफ्तरों का चक्कर लगाते रहेंगे और जरूरत पड़ी तो आंदोलन का भी सहारा लेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री सैनी से मांग की कि घोषणा को लागू कर किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए ताकि उनके नुकसान की भरपाई हो सके।
-
अप्रैल महीने में खेत में गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने से कई किसानों को भारी नुकसान हुआ। मुख्यमंत्री ने मुआवजा देने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक एक पैसा भी नहीं मिला। सरकार को अपने वादे पर अमल करते हुए तुरंत मुआवजा राशि देनी चाहिए।
-मियां सिंह, किसान
अप्रैल में प्रदेश में कई जगहों पर बिजली की तार में शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसलें जलीं। सरकार ने तत्काल मुआवजा देने का आश्वासन दिया था और अधिकारियों को खेतों में भेजा भी गया, लेकिन अब तक किसी किसान को मुआवजा नहीं मिला। सरकार को अपना वादा निभाना चाहिए।
-लाभ सिंह, किसान नेता, संयुक्त किसान मोर्चा
-
बिजली की तार में शॉर्ट सर्किट के कारण गेहूं की फसल में आग लगने से कई एकड़ फसल जलकर नष्ट हो गई थी। सरकार ने मुआवजे की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक उन्हें कुछ नहीं मिला है। सरकार को अपना वादा पूरा करते हुए किसानों को तुरंत मुआवजा देना चाहिए।
- कुला राम गिल, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि, समैन।
गेहूं की फसलों में आग से हुए नुकसान की उन्हें जानकारी नहीं है। वे जिला राजस्व अधिकारी से बातचीत करके ही कुछ बता पाएंगे।
- डॉ. आकाश शर्मा, एसडीएम टोहाना।