किसान संगठनों द्वारा रतिया में एक मोबाइल कंपनी केटावर बंद कर देने के बाद रतिया शहर में ज्यादातर मोबाइल चलने बंद हो गए। हालांकि कंपनी के कर्मचारियों द्वारा टावर को दोबारा शुरू करने के लिए उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने टावर शुरू करने के लिए प्रशासन से बातचीत शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने टावर बंद करने की सूचना सोशल मीडिया पर भी जारी कर दी। टावर बंद होने के बाद अधिकतर उक्त कंपनी के मोबाइलों में रेंज खत्म हो गई। किसान संगठनों की इस कार्रवाई को लेकर ज्यादातर उपभोक्ताओं ने रोष भी जताया और कहा कि किसान संगठनों को इस तरह के कदम नहीं उठाने चाहिए बल्कि उक्त कंपनी के नंबर पोर्ट करने के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए। उनका कहना है कि एकदम से इस तरह कदम उठाने से जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में कंपनी के रतिया इंचार्ज प्रिंस कुमार और जिला इंचार्ज ने बताया कि कुछ टावर को लोगों द्वारा बंद करवा दिया गया है जिसके बाद कंपनी के पास चार हजार के लगभग उपभोक्ताओं की शिकायत दर्ज की गई है। टावर बंद करने के बारे में कंपनी के उच्च अधिकारियों और लीगल टीम को सूचित कर दिया है और उच्चाधिकारियों द्वारा टावर को शीघ्र चालू करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।