फतेहाबाद। बेचे गए धान की फसल का भुगतान न मिलने से परेशान गांव काजलहेड़ी निवासी किसान ने जहर खा लिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। किसान के पास से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। इसमें व्यापारी समेत चार आरोपियों को जिम्मेदार ठहराया गया है। इसलिए पुलिस ने मृतक किसान के पिता के बयान पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव काजलहेड़ी निवासी किसान महाबीर सिंह ने पुलिस को बयान दिया। उन्होंने बताया कि उनके परिजन खेती-बाड़ी करते हैं। उनके बेटे विक्रम (31) ने दो और 15 नवंबर 2023 को गांव खजूरी जाटी निवासी व्यापारी सुग्रीव के कहने पर रतिया में एक राइस मिल में धान की फसल बेची थी लेकिन आरोपी सुग्रीव ने धान का भुगतान नहीं किया। इस विवाद को सुलझाने के लिए कई पंचायतें भी हुईं। आखिरी पंचायत में विक्रम को पीटने की धमकी दी गई।
इससे विक्रम परेशान रहता था। इसी कारण नौ मार्च को विक्रम ने खेत में स्प्रे करने वाली जहरीली दवाई पी ली। अग्रोहा और हिसार के निजी अस्पतालों में विक्रम का उपचार कराया गया। हिसार में मंगलवार को उपचार के दौरान विक्रम की मौत हो गई। गांव काजलहेड़ी निवासी विक्रम के पिता महाबीर सिंह की तहरीर पर सदर पुलिस ने खजूटी जाटी निवासी सुग्रीव, उसके पिता भगवान दास, अंकित, राजेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।