फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ड्राइवर को पर्ची थमाकर अस्पताल संचालक से मांगी रंगदारी

विज्ञापन
विज्ञापन
टोहाना। शहर के कैंची चौक स्थित जनता आई एवं मेटरनिटी अस्पताल के संचालक डॉ. महेश आहूजा के एंबुलेंस ड्राइवर को पर्ची थमाकर अस्पताल संचालक से रंगदारी मांगने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी गांव समैन निवासी नरेश उर्फ बंटू को गांव से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी पहले भी हत्या प्रयास के एक केस में नामजद है।
विज्ञापन

पुलिस को दी शिकायत में डॉ. महेश आहूजा ने बताया कि चार दिन पहले ही उन्होंने गांव कमालवाला निवासी कुलदीप को एंबुलेंस चालक के तौर पर रखा है। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कुलदीप अस्पताल के बाहर खड़ा था, तभी एक व्यक्ति मोटर साइकिल पर सवार होकर आया, जिसने कुलदीप को एकता लेबोरेट्री के नाम से पर्ची दी तथा कहा कि यह पर्ची डॉक्टर साहब को दे देना। जब कुलदीप ने उसे पर्ची दी तो उसके पीछे लिखा था कि डॉ. साहब आपने पुराने टाइम में मेरे साथ ठीक नहीं किया था। तब मेरा टाइम खराब था, तो मैं चुप था। आज मेरा टाइम है, पैसे दे दो नहीं तो आपका टाइम भी खराब हो जाएगा। पर्ची के नीचे दी बंटू समैण लिखा था। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 387 के तहत केस दर्ज कर उसे काबू कर लिया।
पत्नी की डिलीवरी के दौरान डॉक्टर की पत्नी से हुई थी कहासुनी
जांच अधिकारी जग्गा सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी नरेश ने बताया कि वर्ष 2013 में जब डॉ. महेश आहूजा की पत्नी आराधना सरकारी अस्पताल में गायनोलॉजिस्ट थी तो वह अपनी पत्नी को डिलीवरी के लिए लेकर गया था। वहां उसके साथ डॉक्टर आराधना द्वारा गलत व्यवहार किया गया था, जिसके बाद उसे अपनी पत्नी की डिलीवरी निजी अस्पताल में करवानी पड़ी थी। इसी रंजिश में उसने यह पर्ची दी।
विज्ञापन

अस्पताल संचालक से पर्ची देकर पैसे मांगने के मामले में आरोपी गांव समैन निवासी नरेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया। आरोपी ने पूछताछ में गुनाह कबूल किया है।
विज्ञापन

राजपाल सिंह, प्रभारी, शहर थाना टोहाना
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें