फतेहाबाद। उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा स्नातक में दाखिले को लेकर दोबारा फिजिकल काउंसिलिंग (भौतिक परामर्श) शुरू करने के बाद भी महाविद्यालयों में कई संकायों में आधी से ज्यादा सीटें खाली रह गई है। वहीं आईटीआई में ऑन द स्पॉट दाखिला का शनिवार को आखिरी दिन है।
हालांकि आईटीआई में अधिकतर ट्रेड में दाखिले हो चुके हैं। यहां दाखिला न होने पर 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने स्नातक में बीसीए संकाय में दाखिला लेने में रूचि दिखाई है। भोडिया खेड़ा महाविद्यालय में वीरवार तक बीसीए संकाय में 120 सीटों पर 22 दाखिले हो चुके थे। महाविद्यालय प्रिंसिपल लखबीर कौर का कहना है कि बीसीए संकाय में रोजगार के काफी अवसर है और पढ़ाई के लिए स्टाफ भी मौजूद है।
महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा में स्नातक में ये है सीटों की स्थिति
संकाय सीटें दाखिले हुए
बीए 400 265
बीकॉम 160 42
बीसीए 120 22
स्नातकोत्तर में खाली सीटों की स्थिति
संकाय सीट दाखिले हुए
एमकॉम 60 19
इक्नोमिक्स 40 21
मनोविज्ञान 40 28
इंग्लिश 40 13
संस्कृत 40 30
हिंदी 40 31
राजनीतिक विज्ञान 40 39
एमकॉम में आधी से ज्यादा सीटें खाली
स्नातकोत्तर में दाखिला प्रक्रिया बंद हो चुकी है। कई संकायों में आधे से ज्यादा सीटें खाली हो चुकी है। राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा में एमकॉम में 60 में से 19 सीटों पर ही दाखिले हुए हैं। एमए इंग्लिश में भी आधी से ज्यादा सीटें खाली हैं।
आईटीआई में दाखिले का आज आखिरी दिन
आईटीआई में ऑन द स्पॉट के तहत शुक्रवार दाखिले का आखिरी दिन है। जिले में पांच सरकारी आईटीआई में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि आईटीआई में अधिकतर ट्रेड में सीटें भर चुकी है। फिलहाल स्थिति ये है कि विद्यार्थी का दूसरी जगह दाखिला होने पर सीट खाली हो रही है और यहां पर ऑन द स्पॉट के तहत दाखिले हो रहे हैं।
-
स्नातक और स्नातकोत्तर में दाखिले की प्रक्रिया फिलहाल पूरी हो गई है। विभाग की तरफ से निर्देश जारी होंगे तो जहां खाली सीटें वहां पर प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी।
- सुरेंद्र ज्याणी, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय, भूना।
आईटीआई भिरड़ाना में सिलाई-कटाई में एक यूनिट आई है जिसमें 15 सीटें खाली है। शनिवार को विद्यार्थी इसमें दाखिला ले सकते हैं।
- भूपेंद्र सिंह, इंचार्ज, आईटीआई भिरड़ाना