फतेहाबाद। शहर के शक्ति नगर मोहल्ले में लोग पिछले 20 साल से विकास की बाट जोह रहे है। जर्जर और बदहाल हो चुकी गलियों पर चलने को मजबूर मोहल्लावासियों को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से केवल आश्वासन ही मिल रहा है। शक्ति नगर मोहल्ले में न तो समय पर पेयजल की सप्लाई आती है और न ही कई गलियों में अब तक पाइपलाइन डाली जा सकी है। इसको लेकर लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि जल्द निर्माण कार्य करवाया जाए।
शक्ति नगर मोहल्ले में मुख्य मार्ग से अंदर जाने वाली गलियों की हालत खस्ता है। लोगों का यहां से वाहन लेकर गुजरना मुश्किल हो गया है। मोहल्लावासियों का कहना है कि दो दशक पहले यहां गली का निर्माण करवाया गया था जिससे अब यह गली पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। घरों के निर्माण कार्य होने से गली नीची हो गई है। बारिश के दिनों में पूरी गली में कई-कई दिनों तक जलभराव की स्थिति बनती है। बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। इसको लेकर पार्षद को कई बार अवगत करवाया है लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
गलियों में नहीं डाली गई पाइपलाइन
शक्ति नगर मोहल्ले में पाइपलाइन करीब 30 वर्ष पुरानी हो चुकी है लेकिन आबादी तेजी से बढ़ रही है। इससे पानी कम पहुंचता व पीने के पानी की सप्लाई का कोई निश्चित समय नहीं है। कभी देर रात तो कभी सुबह बेहद कम दबाव के साथ पानी आता है। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से कई गलियों में पेयजल की पाइपलाइन ही नहीं डाली है। गर्मी के सीजन में इन गलियों के लोग खेतों में लगे ट्यूबवेल का पानी ढोने को मजबूर हैं।
मोहल्लावासियों को सरकार की ओर से बार-बार झूठे आश्वासन मिल रहे हैं। वार्ड के पार्षद को जब गली के निर्माण के बारे में कहा जाता है तो हर बार एक ही जवाब मिलता है कि टेंडर लगा दिया है। जल्द निर्माण होगा।
- बलविंद्र सिंह, मोहल्लावासी।
हम सालों से टैक्स भर रहे हैं, लेकिन हमें बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रहीं। अगर जल्द ही गली निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का काम शुरु होना चाहिए। नहीं तो हम आने वाले चुनावों का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।
- दिनेश कुमार, मोहल्लावासी।
पेयजल आपूर्ति का निर्धारित समय नहीं है इससे पंप नहीं चला पा रहे हैं। कई बार नहरी पानी की आपूर्ति दी जाती है तो कई बार नहरी पेयजल की। पेयजल आपूर्ति का समय निर्धारित होना चाहिए।
- दर्शन सिंह, मोहल्लावासी।
-
गली के निर्माण व पेयजल की पाइपलाइन डालने को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।
कृष्ण कुमार, मोहल्लावासी।
:: वार्ड 1 समस्याओं का अंबार है। इस बारे में नगर परिषद के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया है लेकिन काेई सुनवाई नहीं हुई।
- राजकुमार, पार्षद, नगर परिषद, फतेहाबाद।
श्हर के शक्ति नगर मोहल्ला में गली के जर्जर होने से बने गड्ढें। संवाद