रतिया जोहड का दृश्य, स्त्रोत स्वयं
रतिया। गांव फूलां के जोहड़ की सरकारी भूमि से कथित अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई दोबारा शुरू करने की तैयारी प्रशासन ने तेज कर दी है। इस संबंध में बीडीपीओ ने एसडीएम को पत्र लिखकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की पुनर्नियुक्ति और पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
इससे पहले एसडीएम कार्यालय के आदेश पर पंचायत राज विभाग के उपमंडल अभियंता कुलदीप सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। 2 जून को सरपंच, ग्राम सचिव, पुलिस टीम, पटवारी, कानूनगो और ग्रामीणों की मौजूदगी में जोहड़ की सरकारी भूमि से कथित अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
कार्रवाई के दौरान कुछ कब्जाधारियों ने पक्के निर्माण हटाने के लिए प्रशासन से समय मांगा था। प्रशासन ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए मोहलत दी थी, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए। अब बीडीपीओ ने लंबित कार्रवाई पूरी करने के लिए एसडीएम से दोबारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने और पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन की ओर से आगामी कार्रवाई जल्द शुरू किए जाने की संभावना है।