टोहाना। नगर परिषद ने वीरवार को शहर के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। मुख्य रास्तों पर रखे सामान को कर्मचारी ट्रैक्टर ट्रॉलियों में डालकर ले गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण को कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इससे पहले नगर परिषद द्वारा पिछले कई दिनों से शहर में अनाउंसमेंट करवाई गई थी कि लोग अतिक्रमण न करे लेकिन लोग नहीं माने तो नगर परिषद द्वारा शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप सोलंकी के निर्देशानुसार शहर के रेलवे रोड, रतिया रोड, रेहड़ी मार्केट, पुराना कोर्ट रोड, लक्कड़ मार्केट में यह अभियान चलाया गया। इसके बाद नगर परिषद के कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे तथा रोड पर गलत तरीके से रखे बोर्ड, फ्लेक्स व अन्य सामान उठाकर ट्रॉली में डाल दिया। इस दौरान अनेक लोग आनन-फानन में अपना सामान दुकान में रखने लगे।
बता दें कि शहर की लक्कड़ मार्केट में दुकानदारों द्वारा करीब तीस से चालीस फीट जगह को रोका गया है, जिससे वाहनों के निकलने का रास्ता पूरी तरह से बंद हो जाता है। ऐसे में आमजन द्वारा भी इसी तरह की कार्रवाई की मांग की जा रही है। आमजन ने परिषद की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे रोजाना करने की अपील की है।
-
शहर के मुख्य रास्तों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत कार्रवाई की गई है जिसके तहत गलत तरीके से रखे सामान को जब्त कर लिया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
-अजायब सिंह, सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर परिषद, टोहाना।