फतेहाबाद। शहर में अतिक्रमण करने के अलग-अलग तरीकों से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमण करने के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। शहर में काफी लोग सड़क के दोनों ओर सामान रखकर अतिक्रमण करते है लेकिन कुछ जगहों पर तो होटल संचालकों ने गली को अपनी निजी संपत्ति समझकर कब्जा कर रखा है।
शहर के मॉडल टाउन इलाके में कई होटल संचालकों ने पूरी गली पर कब्जा कर रखा है उसी जगह पर ही तंदूर लगा रखे हैं और गली के अंदर पूरा दिन सामान पड़ा रहता है। जिस कारण आम लोग उस गली का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे है। मॉडल टाउन इलाके में इतना कब्जा होने के बावजूद भी नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है।
शहर के मॉडल टाउन निवासी पंकज, मोनू, कर्मवीर, सोनू व प्रदीप ने बताया कि होटल संचालकों की ओर से गलियों में कब्जा किया हुआ है। वहीं अस्पताल संचालकों की ओर से अपने भवन के अंदर जनरेटर न रख कर सरकारी जमीन पर रखे हुए हैं।
तंदूर तो कहीं रखा है जेनरेटर
शहर के हिसार रोड, जवाहर चौक क्षेत्र में अधिकतर होटल व अस्पताल संचालकों की ओर से अपना सामान अंदर रखने के बजाय गलियों में रखे हुए जिस कारण वहां पर आने वाले वाहन चालकों को स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पूरे मॉडल टाउन इलाके में काफी संख्या में अस्पताल बने हुए। जिस कारण रोजाना हजारों की संख्या में लोग इस इलाके में आते हैं।
-
पिछले कई सालों से नहीं हटाया गया अतिक्रमण
मॉडल टाउन वासियों ने बताया कि नगर परिषद द्वारा समय-समय पर शहर के अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन मॉडल टाउन इलाके में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि नियमित रूप से अभियान चलाया जाए तो सड़क पर अवैध कब्जों को हटाया जा सके।
-
मॉडल टाउन की गलियों में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण से आम लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार नगर परिषद और प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसा लगता है कि प्रशासन जानबूझकर इस समस्या को नजरअंदाज कर रहा है।
- पंकज कुमार, निवासी मॉडल टाउन।
-
होटल संचालकों द्वारा गलियों में तंदूर और अन्य सामान रखकर रास्तों को संकरा कर दिया गया है। वहीं अस्पतालों के जेनरेटर भी सरकारी जमीन पर रखे गए हैं। प्रशासन को यह सब दिखाई देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
- सोनू वर्मा, निवासी मॉडल टाउन।
नगर परिषद शहर के अन्य हिस्सों में अतिक्रमण हटाने के दावे करती है लेकिन मॉडल टाउन में वर्षों से अवैध कब्जे बने हुए हैं। इससे साफ है कि प्रशासन इस क्षेत्र की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
- प्रदीप कुमार, निवासी मॉडल टाउन।
:: शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। रोड पर अतिक्रमण करके व्यवसाय चलाना या गली में सामान रखने पर कार्रवाई की जाएगी।
-महेश कुमार, एसआई, नगर परिषद, फतेहाबाद।
शहर के मॉडल टाउन में होटल संचालकों की ओर से किया गया कब्जा। संवाद- फोटो : सांकेतिक