अस्पताल की डिस्पेंसरी के बाहर लगी मरीजों की भीड़
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। डिस्पेंसरी में मरीजों को अनट्रेंड युवक से दवाइयां बंटवाने का मामला उजागर होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल की डिस्पेंसरी में एंबुलेंस पर तैनात ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन) से दवाइयां बंटवाने का फैसला लिया है। जब एंबुलेंस पर कोई कॉल नहीं होगी तो ईएमटी को डिस्पेंसरी में ड्यूटी देनी होगी। वीरवार को सिविल सर्जन डॉ. मनीष बंसल ने ईएमटी को निर्देश जारी किए हैं। एंबुलेंस कंट्रोल रूम में सात ईएमटी तैनात हैं लेकिन ओपीडी समय में तीन ईएमटी की ड्यूटी रहती है। ये तीन ईएमटी जब खाली होंगे उस समय डिस्पेंसरी में दवाइयां देंगे। इसके अलावा तीन अप्रेंटिस फार्मासिस्ट की ड्यूटी भी डिस्पेंसरी में लगाई गई है।
मरीजों को करना पड़ता है डेढ़ से दो घंटे इंतजार
नागरिक अस्पताल में फार्मासिस्ट के 9 पद स्वीकृत हैं। इसमें से चार ही ड्यूटी कर रहे हैं जबकि दो की ड्यूटी डिस्पेंसरी में है। इसमें एक फार्मासिस्ट कंप्यूटर पर रिकार्ड चढ़ाने पर रहता है। एक ही फार्मासिस्ट मरीजों को दवाई देता है। इसके चलते मरीजों को डेढ़ से दो घंटे तक दवाई लेने के लिए लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है।
एसएमओ से मांगा गया है जवाब
अनट्रेंड युवक से दवाइयां बंटवाने के मामले में वीडियो और शिकायत सीएमओ को देने के बाद एसएमओ से जवाब मांगा गया है। बिना अनुमति के अनट्रेंड कर्मचारी से दवाइयां बंटवाई जा रही थी। एसएमओ डॉ. ओपी दहमीवाल का कहना है कि उन्हें पता हीं नहीं है, युवक को किसने रखा है।