फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एनएचएम कर्मचारियों ने रक्षाबंधन पर बहनों से काली राखी बंधवाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले 4 महीने से वेतन नहीं मिला है। जिस कारण उनके सामने आर्थिक संकट आ गया है।
एनएचएम कर्मचारियों ने स्वास्थ्य कर्मचारी संघ संबंधित भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले वीरवार को रोष जताया और उप-सिविल सर्जन डॉ. नीरज और एमएमओ डॉ. बुधराम को ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर 9 अगस्त रक्षाबंधन तक कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलता तो वे अपनी बहनों से काले रंग की राखी बंधवाएंगे वहीं सिविल सर्जन कार्यालय पर भी प्रदर्शन करेंगे।
स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विपिन शर्मा व प्रदेश महामंत्री जगत सिंह ने कहा कि एक साल पहले 20 अगस्त को अतिरिक्त सचिव, स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक हुई थी। जिसमें निर्णय हुआ था कि वेतन के लिए 3 माह के एडवांस बजट का प्रावधान किया जाएगा, परंतु उसके बाद भी 4-4 माह तक वेतन रोका जा रहा है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक वेतन नहीं मिलता, कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सिविल सर्जन कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर डॉ. विष्णु मित्तल, कुलदीप मैनेजर, रामनिवास, कपिल शर्मा, सुभाष यादव, संतोष, बिमल रानी, वीना सहित अनेक एनएचएम कर्मचारी मौजूद रहे।
-
सरकार की नीतियों का जताया विरोध
फतेहाबाद। हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच की बैठक वीरवार को भट्टू रोड स्थित मेन जलघर प्रांगण में हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान धर्मपाल दरियापुर ने की तथा संचालन ब्रांच सचिव राणा पंवार ने किया।
मीटिंग को संबोधित करते हुए प्रांतीय प्रधान कुलवंत शर्मा व प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मपाल दरियापुर ने कहा कि यूनियन बातचीत से मांगों का समाधान करवाना चाहती है लेकिन सरकार कर्मचारियों की मांगों के प्रति गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर दो बार मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर चुके हैं। उसके बाद भी उन की मांगों पर गौर नहीं किया जा रहा। बैठक में हितेष, कृष्ण, अजमेर, संजीव, सुनील, राधेश्याम आदि कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद