फतेहाबाद। बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। डीसी डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को समय रहते जरूरी प्रबंध करने के निर्देश दिए ताकि गर्मी बचाव किया जा सके।
बैठक में पंचायती राज विभाग को गांवों के तालाबों में पानी उपलब्ध रखने और सार्वजनिक स्थानों व बस स्टैंड पर प्याऊ लगाने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को स्कूलों में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए कहा गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों पर पानी की समुचित व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ओआरएस पैकेट उपलब्ध रखने के निर्देश मिले।रोडवेज विभाग को बस स्टैंड पर पेयजल और बसों में पानी के कैंपर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में ओआरएस उपलब्ध कराने और एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए। रेडक्रॉस सोसायटी को स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर शहर और गांवों में छबील लगाने तथा पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने को कहा गया।
डीसी ने पशुओं के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जनस्वास्थ्य और सिंचाई विभाग को जल भंडारण और वितरण में तालमेल रखने के निर्देश दिए गए जबकि बिजली निगम को बढ़ती मांग के अनुसार निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।