गांव कुम्हारिया में बिजली चोरी रोकने गई टीम से हाथापाई का वीडियो। सोशल मीडिया
फतेहाबाद। गांव कुम्हारिया में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बिजली निगम की जिस टीम पर हमला हुआ, उसमें जेई रतन सिंह, एएलएम महेंद्र, लाइनमैन जीत सिंह और गाड़ी का चालक महेंद्र शामिल थे।
पीड़ित बिजली कर्मचारियों ने एसडीओ को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। एसडीओ ने इसके बाद पुलिस को शिकायत देकर विक्रम गुर्जर, आजाद गुर्जर और लगभग 10-12 अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। जेई रतन सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव कुम्हारिया की दो ढाणियों में कुंडी लगाकर बिजली सप्लाई चलाई जा रही है।
जब वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो शिकायत ठीक निकली। जेई रतन सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने जब सबूत के तौर पर वीडियो बनाने का प्रयास किया तो ढाणी में मौजूद विक्रम गुर्जर, आजाद गुर्जर और लगभग 10-12 अन्य लोगों ने हमला कर दिया। बिजलीकर्मियों का आरोप है कि आरोपियों ने उनके दो मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिए।