एसीबी गिरफत में घूसखोर एसडीओ धर्मवीर। संवाद
टोहाना। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने रिश्वत लेने के आरोप में पकड़े गए शहरी बिजली सर्कल के एसडीओ धर्मवीर सिंह को निलंबित कर दिया है। निगम ने टोहाना बिजली निगम के एसडीओ विशाल राजपूत को उनकी जगह का चार्ज दिया है।
निलंबन के दौरान एसडीओ धर्मवीर का हेडक्वार्टर एसई कार्यालय रहेगा। वहीं विजिलेंस ने आरोपी एसडीओ को न्यायालय में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया है। बता दें कि रिश्वत लेने के एसडीओ दस्तावेज में कमी निकाल रहा था। इस पर एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) विभाग के डीएसपी जुगल किशोर के नेतृत्व में टीम ने वार्ड 16 के पूर्व पार्षद राजीव बंसल की शिकायत पर कार्रवाई की। टीम ने एसडीओ धर्मवीर को बिजली कनेक्शन जारी करने की एवज में वीरवार रात को 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
राजीव के अनुसार आरोपी एसडीओ उसकी फाइल पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे थे और हर बार उसमें कमी निकाल रहे थे। जब उसने एसडीओ से बात की तो उससे काम के बदले में एक लाख 50 हजार रुपये मांगे।
जिसके बाद 50 हजार में डील होने के बाद निगम ने 9 जून को कनेक्शन जारी कर दिया था। जिसके बाद एसडीओ बार-बार फोन करके राजीव को परेशान कर रहा था। इस पर पूर्व पार्षद ने एंटी करप्शन ब्यूरो को इस बारे में सूचना दी। राजीव ने एसडीओ धर्मवीर को अपनी दुकान में बुलाकर उसे 50 हजार रुपये देकर रंगे हाथों पकड़वा दिया।