फतेहाबाद। जिले में पिछले तीन दिनों से अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। इससे जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
वहीं कुछ स्थानों पर कम बारिश से उमस बढ़ गई है। इसके अलावा खरीफ फसलों को भी पानी की जरूरत महसूस हो रही है। इस कारण कृषि कार्यों में लगातार बिजली की खपत बढ़ रही है। हालांकि घरेलू बिजली खपत में हल्की कमी आई है।
जून माह के पहले सप्ताह में प्रतिदिन बिजली की खपत करोड़ से अधिक दर्ज हुई थी। उस समय धान की रोपाई का काम भी शुरू नहीं हुआ था। जिससे कृषि क्षेत्र में 10 लाख तक बिजली यूनिट रोजाना की खपत थी। 15 जून से धान की रोपाई का सीजन शुरू होते ही कृषि क्षेत्र में लगातार बिजली की खपत में बढ़ोतरी हो रही है।
पिछले दो सप्ताह में प्रतिदिन की 30 लाख बिजली यूनिट की खपत बढ़ने के साथ ही अब यह बढ़कर 70 लाख से अधिक दर्ज हो रही है। इससे कूल बिजली यूनिट की खपत 1 करोड़ 15 लाख तक पहुंच गई है। हालांकि 27 जून को हुई बारिश से प्रतिदिन की खपत 1 करोड़ 4 लाख थी।
-
जिले में प्रतिदिन हो रही बिजली यूनिट की खपत
दिन-ग्रामीण क्षेत्र-शहरी-कृषि क्षेत्र-उद्योग-कुल
सोमवार-30.26-17.69-70.62-0.70-117.94
मंगलवार-27.76-17.74-76.51-0.82-122.83
बुधवार-27.09-17.19-73.76-0.84-118.88
वीरवार-24.20-15.28-71.48-1.18-112.14
शुक्रवार-25.00-15.33-63.05-1.29-104.67
शनिवार-29.23-16.20-73.37-1.41-120.21
रविवार-27.57-16.07-70.13-1.16-114.93
नोट : ये आंकड़ा लाख में है।
::धान की रोपाई का जारी होने के चलते सबसे अधिक बिजली की खपत कृषि क्षेत्र में हो रही है। इससे कुल बिजली की खपत में कमी नहीं आई है। अगर पर्याप्त मात्रा में बारिश होती है तो उम्मीद है कि बिजली की खपत में कुछ दिनों तक कमी आ सके।
-संदीप मेहता, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, फतेहाबाद।