फतेहाबाद। अशोकनगर में बिजली-पानी की समस्या से परेशान वार्ड 8 के लोगों ने रविवार रात 12 बजे पार्षद चंद्रभान वधवा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। रात 12 बजे ही पार्षद ने जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को फोन किया और पानी सप्लाई न होने की समस्या बताई।
पार्षद चंद्रभान ने कहा कि अधिकारी उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। शहर के आठ मुद्दे और वार्ड के आठ मुद्दों पर काम नहीं हुआ है। इनके पूरा नहीं होने से जनता परेशान है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके वार्ड में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दो दिन बाद माजरा रोड पर जाम लगाया जाएगा।
पार्षद चंद्रभान ने बताया कि अशोकनगर में बुरे हालात हैं। बिजली सप्लाई 20 किलोमीटर घूमकर आ रही है। रात के समय लाइन में फाल्ट आ गया। जनस्वास्थ्य विभाग रात में कभी 12 बजे तो कभी रात 1 बजे पानी की सप्लाई छोड़ता है।
उन्होंने बताया कि पानी सप्लाई सिर्फ 40 मिनट ही आती है। जब पानी आता है तो बिजली नहीं होती है। इस वजह से घरों में पानी का स्टॉक नहीं हो पा रहा है। घरों में 200 लीटर की ही टंकियां हैं। ऐसे में रोजमर्रा के कामकाज ठप रहते हैं।
बूस्टिंग स्टेशन की डेडलाइन गुजरी, नहीं हुआ तैयार
पार्षद चंद्रभान वधवा ने कहा कि अशोकनगर में नहरी पानी सप्लाई के लिए पटवार भवन के पीछे बूस्टिंग स्टेशन बन रहा है। विभाग ने दावा किया था कि यह 30 जून तक तैयार हो जाएगा। इसके नहीं बनने से पानी की सप्लाई नहीं मिल पा रही है। पंपों की अभी तक फीटिंग नहीं हुई है।
वधवा ने बुलाए पार्षद, पर नहीं पहुंचा कोई
शहर में पार्षदों के काम न होने और 8 मुद्दों को लेकर वार्ड 8 के पार्षद चंद्रभान वधवा ने व्हाट्सएप ग्रुप में सूचना देकर पार्षदों को बुलाया। दोपहर 12 बजे पत्रकार वार्ता रखी गई लेकिन उसमें कोई पार्षद नहीं पहुंचा। पार्षद मोहन लाल नारंग भी देरी से आए। वधवा से जब अन्य पार्षद नहीं आए के सवाल पूछे गए तो उन्होंने कहा कि ये उनकी आत्मा जानती है।
वार्ड 8 के रखे ये मुद्दे
- थर्ड पार्टी द्वारा गली पास न करने के मुद्दे पर डीएमसी ने जवाब नहीं दिया
- वार्ड में मुख्य सड़क पर लाइट नहीं
- पानी की पाइप लाइन का खेमाखाती रोड व रविदास चौक व मंदिर के सामने बुरा हाल
- वार्ड में सीसी के ऊपर इंटरलॉकिंग सड़क बनाई गई, जिससे सीलन बढ़ रही
- 24 घंटे में एक बार पानी की सप्लाई
- सीवरेज पाइप लाइन की सफाई नहीं करवाई गई।
- वार्ड में साइन बोर्ड नहीं लगे।
- बारिश पानी निकासी कोई प्रबंध नहीं
जनस्वास्थ्य विभाग ने आरोप नकारे
जनस्वास्थ्य विभाग के जेई बलविंद्र ने बताया कि अशोकनगर में पानी की कोई समस्या नहीं है। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सप्लाई चलती है। पहले रात को सप्लाई थी, उसे दिन में किया जा चुका है। सोमवार को लोगों का रिव्यू भी लिया गया है। लोगों ने बताया है कि पानी की कोई समस्या नहीं है।