फतेहाबाद। बुजुर्ग मतदाताओं के लिए इस बार चुनाव आयोग ने सुविधा दी है। जिसके तहत 85 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं को मतदान केंद्र पर जाने की जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यही नहीं 40 फीसदी से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को भी घर बैठे की मतदान का हक मिलेगा। फतेहाबाद में 85 साल से अधिक व 40 फीसदी से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाता भी घर बैठे मतदान कर सकेंगे।
चुनाव आयोग ने इस बार पूरे देश में एक व्यवस्था लागू की है। इसके तहत 85 वर्ष से ज्यादा उम्र के मतदाता हैं या जो 40 फीसदी से ज्यादा विकलांगता वाले वोटर हैं, उनके पास फॉर्म 12 डी पहुंचाया जाएगा। अगर वे मतदान केंद्र पर नहीं जाना चाहते तो उनके घर जाकर उनका वोट पंजीकृत किया जाएगा। इसके लिए चुनाव कर्मियों को प्रशिक्षित भी किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार अधिसूचना जारी होने के पांच दिन के अंदर संबंधित क्षेत्र के बीएलओ चिह्नित मतदाताओं के घर-घर जाकर फार्म 12-डी भरवाकर जमा करेंगे। इसमें मतदाता की स्वेच्छा है कि वह फार्म भरे या न भरे। वह मतदान केंद्र पर भी जाकर अपने मतदान का प्रयोग कर सकता है। इसका उद्देश्य है कि अधिक से अधिक बुजुर्ग और दिव्यांग मतदान का प्रयोग कर सकें।
जिले में 85 साल से अधिक उम्र के 8736 मतदाता
जिला में 8736 कुल मतदाता 85 वर्ष से अधिक उम्र के हैं, इनमें 2646 पुरुष व 6090 महिला मतदाता हैं। जिला में 5614 दिव्यांग मतदाता भी हैं। इनके घर जाकर बीएलओ फार्म-12 भरवाएंगे और उनकी इच्छा मांगी जाएगी कि क्या वह मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करना चाहते हैं अथवा घर बैठे ही मतदान करना चाहते हैं।
विधानसभा वाइज 85 साल से अधिक उम्र के मतदाता
विधानसभा मतदाता
फतेहाबाद 817
टोहाना 807
रतिया 1024
कुल 8736
विधानसभा वाइज दिव्यांग मतदाता
विधानसभा मतदाता
फतेहाबाद 1362
टोहाना 1418
रतिया 947
कुल 5614
कोट
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार 85 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं व 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को घर बैठे मतदान करने की सहूलियत दी गई है। इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित भी किया जाएगा। जो मतदाता घर बैठे मतदान करना चाहता है, वह मत का प्रयोग घर बैठे ही कर सकता है।
-राहुल नरवाल, उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, फतेहाबाद।
बिस्कुट का एक पीस 10 रुपये, चाय के कप के जुड़ेंगे 10 और दूध-पत्ती के 15 रुपये
फतेहाबाद। आदर्श आचार संहिता लगने के बाद अब चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों में आने वाले उनके समर्थकों के खाने पीने की रेट लिस्ट जारी कर दी है। उम्मीदवारों को इसी रेट लिस्ट के हिसाब से अपने समर्थकों को भोजन व नाश्ता करवाना पड़ेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल नरवाल ने सोमवार शाम को ली गई राजनीतिक पार्टियों के नेताओं की बैठक में इस रेट लिस्ट को जारी किया है। जिसमें चाय के कप पर 10 रुपये, दूध-पत्ती पर 15 रुपये, कॉफी पर 20 रुपये, समोसे के लिए 15 रुपये, गुलाब जामुन व रसगुल्ले के प्रति पीस का 15 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा बिस्कुट के प्रति पीस को 10 रुपये में आंका जाएगा। मट्ठी व फैन को भी प्रति पीस 10 रुपये रखा गया है। सुबह का नाश्ता प्रति व्यक्ति 70 रुपये, दोपहर का भोजन व रात्रि के भोजन का रेट 90 रुपये प्रति प्लेट रहेगा। रेट लिस्ट के मुताबिक 20 लीटर का वाटर कैंपर 20 रुपये, 2 लीटर की कोल्ड ड्रिंक 90 रुपये की रहेगी। ज्ञात रहे कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र के लिए चुनाव घोषित हो चुके हैं और अब उम्मीदवार अपने-अपने कार्यालय खोलेंगे। जाहिर है कि यहां पर उनके कार्यकर्ताओं व समर्थकों की भीड़ लगेगी, ऐसे में उनके भोजन पानी का प्रबंध उम्मीदवारों की ओर से किया जाएगा। संवाद