मेगा वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत गांव एमपी सोत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई। उसे रतिया के एक निजी अस्पताल में लाया गया। यहां से हिसार जिंदल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। एमपी सोत्र गांव के स्कूल में करीब 12 बजे बुजुर्ग जागीर सिंह को कोविड वैक्सीन लगाई।
जागीर सिंह के पोते जसवंत के अनुसार वैक्सीन लगाने के कुछ देर बाद ही उसके दादा की हालत बिगड़ गई। उल्टी आने लगी तथा सांस अटकने लगी। उसका दादा वहां लेट गया। सूचना मिलने पर उसका भाई और वह अपनी निजी गाड़ी में दादा को लेकर रतिया के एक निजी अस्पताल पहुंचे। नागरिक अस्पताल के इंचार्ज डॉ. भरत सिंह भी उसी अस्पताल में पहुंचे। निजी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रवीण मिगलानी ने मरीज को वेंटिलेटर लगा हिसार रेफर कर दिया। सरकारी एंबुलेंस में नागरिक अस्पताल के इंचार्ज डॉ. भरत व उनका स्टाफ मरीज को लेकर हिसार के जिंदल अस्पताल पहुंचे। समाचार लिखे जाने उपचार चल रहा था। वैक्सीनेशन अभियान की इंचार्ज डॉ. सुनीता सोखी का कहना है कि जागीर सिंह को हार्ट अटैक हुआ है। इस वैक्सीन से तबीयत बिगड़ने का कोई संबंध नहीं है। बुजुर्ग को वैक्सीन लगने के दो घंटे बाद अटैक आया है। उसे पहले से ब्लड प्रेशर की दिक्कत रहती थी। फिलहाल बुजुर्ग की हालत ठीक है।