फतेहाबाद। शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे मेधावी विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद और सुपर-100 योजना के प्रति जागरूक करने के लिए खंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस में शिक्षा विभाग के अधिकारी और विकल्प फाउंडेशन के प्रतिनिधि फायदे बताएंगे।
जिले में यह कार्यक्रम 26 नवंबर से शुरू होगा और पहला आयोजन खंड भट्टूकलां में होगा। इसके लिए विभाग ने शेड्यूल भी जारी कर दिया है। प्रत्येक खंड को कार्यक्रम के आयोजन के लिए 35-35 हजार रुपये का बजट भी जारी किया गया है।
कार्यक्रम खंड स्तर पर सुबह नौ बजे शुरू होगा और दोपहर डेढ़ बजे तक चलेगा। इसमें एसडीएम, डीइओ, बीईओ, डीएसएस, एबीआरसी, बीआरपी योजनाओं के बारे में बताएंगे। कार्यक्रम में खंड के प्रत्येक स्कूल से कक्षा आठवीं के तीन मेधावी और कक्षा दसवीं के तीन विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ शामिल होंगे।
ये शेड्यूल किया गया है जारी
दिन खंड
26 नवंबर - भट्टूकलां
3 दिसंबर - भूना
10 दिसंबर - फतेहाबाद
12 दिसंबर - रतिया
17 दिसंबर - टोहाना
18 दिसंबर - जाखल
इस सत्र में 205 विद्यार्थियों का हुआ था चयन
जिले में इस साल में 205 विद्यार्थियों का चयन हुआ और पांच सेंटरों पर इन विद्यार्थियों की कक्षाएं लगाई जा रही हैं। इसमें विद्यार्थियों को नौवीं और दसवीं कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जा रही है। मिशन बुनियाद में प्रवेश के लिए सरकारी स्कूलों में कक्षा आठ के विद्यार्थियों से आवेदन मांगे गए थे। इसके लिए फरवरी में परीक्षा ली गई थी। जिले के 3488 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। तीन लेवल की परीक्षा के बाद 205 विद्यार्थियों का चयन हुआ।
जिले में ये हैं बुनियाद केंद्र
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद।
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भट्टूकलां।
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूना।
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया।
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टोहाना।
नीट और जेईई की तैयारी करवाता है विभाग :
शिक्षा विभाग सुपर-100 योजना के तहत कक्षा दसवीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों की परीक्षा लेता है। योजना के तहत विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। विभाग की तरफ से इन विद्यार्थियों को दो साल तक कक्षा 11 वीं और 12 वीं के पढ़ाई के साथ-साथ नीट और जेईई की तैयारी करवाई जाती है।
शिक्षा विभाग निदेशालय की तरफ से विद्यार्थियों को सुपर-100 और मिशन बुनियाद के प्रति जागरूक करने के लिए खंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को दोनों योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। - मुकेश मेहता, जिला विज्ञान विशेषज्ञ
मिशन बुनियाद और सुपर-100 योजना सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मौका देती है। ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी इस योजना का फायदा उठा पाए, इसके लिए विभाग की तरफ से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विभाग की तरफ से शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। - संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।