फतेहाबाद। निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर खंड भट्टूकलां और मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूलों को डबल डेस्क दिए गए थे। शिक्षा विभाग ने एजेंसी से करीब 4583 डेस्क ले लिए लेकिन एक साल बाद भी पूरा भुगतान नहीं किया। अब एजेंसी ने शिक्षा विभाग को नोटिस भेजने शुरू कर दिए है। एजेंसी ने 12 फीसदी ब्याज के साथ भुगतान मांगा है।
शिक्षा विभाग ने करीब 3.9 करोड़ से ये डेस्क खरीदे थे। लेकिन शिक्षा विभाग ने अभी तक 1.21 करोड़ का ही भुगतान किया है। नोटिस मिलने के बाद जिला मौलिक शिक्षा विभाग को 90 लाख 22 हजार रुपये का बजट जारी हुआ है। हालांकि इस भुगतान के बाद भी करीब एक करोड़ रुपये बकाया रह जाएगा। बता दें कि शिक्षा विभाग ने जिले में पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर खंड भट्टूकलां को चुना था। यहां के स्कूलों से डिमांड मांगी गई। इसके अलावा मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूलों से भी डिमांड ली गई। डिमांड आने के बाद 68 स्कूलों में 4583 डबल डेस्क भेजे गए। एक डेस्क करीब सात हजार रुपये का बताया जा रहा है।
जिले में दूसरे सरकारी स्कूलों को भी मिलेंगे डेस्क
शिक्षा विभाग की योजना है कि जिले के सभी सरकारी स्कूलों में जरूरत के अनुसार डबल डेस्क दिए जाएं। जिले में 87 मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल है। जबकि अभी तक 68 स्कूलों को ही डेस्क जारी हुए है।
कोट
पिछले दिनों खंड भट्टूकलां और मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूलों में डबल डेस्क आए थे। डेस्क के एजेंसी को भुगतान को लेकर उच्च अधिकारियों से बजट की डिमांड की गई है। कुछ बजट आ भी गया है और कुछ जल्द मिलने की उम्मीद है।
- वेद सिंह दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी