फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: आखिरी निरीक्षण में फ्लाइंग स्टेज का लेक्चर स्टैंड डीसी के एतराज पर बदला गया

Thu, 30 Oct 2025 11:32 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
कार्यक्रम स्थल के पास बनाया गया मंच, इसपर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार सुबह रन फाॅर यूनिटी मैराथन के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौड़ को हरी झंडी दिखाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी वीरवार देर शाम ही फतेहाबाद पहुंच गए थे।
विज्ञापन


दूसरी तरफ उपायुक्त डा. विवेक भारती वीरवार शाम को अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का अंतिम निरीक्षण करने पहुंचे तो फ्लाइंग स्टेज पर लगाए गए लेक्चर स्टैंड पर आपत्ति जताई। दरअसल, इस लेक्चर स्टैंड ने स्टेज के पूरे हिस्से को कवर कर लिया था। ऐसे में सीएम को यहां पर परेशानी भी हो सकती थी और उन्हें चोट लगने की भी आशंका बनी रहती।

ऐसे में उपायुक्त ने लेक्चर स्टैंड का साइज कम करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने लेक्चर स्टैंड पर लगे माइक की तार की भी खुद भी जांच पड़ताल की। इसी जगह से शुक्रवार सुबह 7 बजे सीएम नायब सैनी रन फाॅर यूनिटी को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रशासन ने इसमें तीस हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया है।
विज्ञापन




स्कूल-कालेजों के विद्यार्थियों व सरकारी कर्मचारियाें के सहारे लक्ष्य पूरा करने की कवायद

जिला प्रशासन ने वीरवार शाम दावा किया है कि शुक्रवार को रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में तीस हजार से अधिक लोग शिरकत करेंगे। इनमें युवा, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, सैनिक, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रशासन इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों से लगातार संपर्क में है।

बकायदा रोडवेज बसों व अन्य साधनों की मदद से सभी को शुक्रवार सुबह मैराथन स्थल पर एकत्रित होने के लिए कहा गया है। सरकारी स्कूलाें के अध्यापकों को भी विद्यार्थियों के साथ रन फॉर यूनिटी में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं पारंपरिक परिधान और तिरंगे दुपट्टों में एकता का संदेश देंगी।

-

सुबह दस बजे के बाद सामान्य होंगे शहर के रूट

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते शहर के अंदर और बाहर कई जगह रूट डायवर्ट किए गए हैं। बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश करने के बजाय मिनी बाईपास के माध्यम से बाहर बाहर से निकाला जा रहा है। इसके अलावा शहर के अंदर मुख्य रोड पर शुक्रवार सुबह तक रास्ते बदले गए हैं। इनमें वाहनाें को भूना मोड़ से वाया अशोक नगर, खेमा खाती रोड होते हुए डीएसपी रोड पर डायवर्ट किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह दस बजे तक शहर के अंदर जितने भी रूट डायवर्ट किए गए हैं, वो सामान्य कर दिए जाएंगे।



सुरक्षा के लिए 11 सौ से अधिक पुलिसकर्मी जगह-जगह तैनात

रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। पूरे शहर में जगह-जगह पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार 11 सौ के करीब पुलिसकर्मियाें को विभिन्न ड्यूटियां सौंपी गई हैं। इनमें ट्रैफिक मैनेज करने के साथ-साथ, वीआईपी सुरक्षा, मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों की सुरक्षा आदि शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें