रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण कार्य के दौरान एक अधिकारी की अचानक मौत हो गई। हालांकि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन माना जा रहा है कि हृदय घात होने से उनकी मौत हुई है।
अधिकारी की मौत से स्टेशन पर सनसनी फैल गई और निरीक्षण कार्य बीच में छोड़कर अधिकारी के परिजनों को सूचित किया गया।
परिजनों ने जाखल पहुंच कर उन्हें अपने साथ ले गए। मृतक एसके मेहता निवासी जींद रेलवे के ड्राइविंग डिपार्टमेंट में सीनियर क्रू कंट्रोलर के पद पर कार्यरत थे।
स्टेशन अधीक्षक पीसी ओझा ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे स्टेशन परिसर में सफाई अभियान के कार्य का निरीक्षण रेलवे के सीनियर ट्रैफिक इंस्पेक्टर बीएल मीना कर रहे थे।
उनके साथ अन्य अधिकारियों के अलावा जाखल रेलवे स्टेशन पर कार्यरत 59 वर्षीय एसके मेहता भी थे। सफाई निरीक्षण के दौरान अचानक एसके मेहता को चक्कर आया ओर वह प्लेटफार्म पर ही गिर पड़े।
उनके साथ निरीक्षण कर रहे अधिकारियों ने कर्मचारियों की मदद से उसे संभाला लेकिन वह बेहोश हो गए थे। एसके मेहता को तुरंत जाखल के सरकारी अस्पताल में भी ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिसके बाद उनके परिवारीजनों को जानकारी दी गई। घटना के बाद निरीक्षण का कार्य स्थगित कर दिया गया। घटना से स्टेशन पर काम करने वाले समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने शोक जताया है।