गांव कन्हड़ी में सड़क किनारे फैला कचरा। संवाद
समैन। गांव कन्हड़ी में जलनिकासी के नालों की नियमित सफाई न होने से सफाई व्यवस्था खराब हो रही है। नालों के साथ बहकर आ रहे कूड़े व कचरे से ओवरफ्लो होने की समस्या बन रही है। इससे कचरा गलियों व सड़कों पर फैल रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत व प्रशासन से जलनिकासी के नालों की नियमित सफाई करवाने की मांग की है।
ग्रामीण कर्मबीर सिंह, जसमेर सिंह, सतपाल सिंह, पाल, धर्मबीर, महेंद्र सिंह ने बताया कि गांव की मुख्य फिरनी पर बनी सड़क कूड़े से अटी पड़ी है। इसका मुख्य कारण नालों से निकलने वाला कूड़ा व पॉलिथीन है। नालियों व नालों में बहने वाला कचरा गंदे पानी के साथ ओवरफ्लो होकर गलियों व सड़कों पर आ जाता है जिससे गंदगी फैलती है। ग्रामीण कर्मवीर सैनी ने बताया कि यह समस्या नालों की नियमित रूप से सफाई न होने के कारण बनी हुई है। यदि सफाई कर्मचारी नालों की नियमित सफाई करे तो यह समस्या तुरंत हल हो सकती है।
-
गांव में सफाई की समस्या के कई कारण है जिन्हें एक-एक करके हल किया जा रहा है। गांव की आबादी ज्यादा है जबकि सफाई कर्मचारियों की संख्या कम है। गांव में कुल 4 सफाई कर्मचारी है जो सुबह से शाम तक सफाई कार्य में जुटे रहते हैं। उनकी सरकार से मांग है कि गांव में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि गलियों व गंदे पानी की निकासी के लिए बने नालों की नियमित रूप से सफाई करवाई जा सके।
- कुलदीप सिंह, सरपंच प्रतिनिधि कन्हड़ी।