फतेहाबाद। हरियाणा रोडवेज निगम की ओर से यात्रियों को ऑनलाइन टिकट काटने के लिए परिचालकाें को दी जाने वाली ई-टिकटिंग मशीनें बीच रास्ते में खराब हो जाती हैं। बताया गया है कि इंटरनेट व तकनीकी खामियों के चलते परिचालक टिकट नहीं काट पा रहे हैं, ऐसे में उनको मैनुअल टिकट काटने पड़ रहे हैं। फतेहाबाद डिपो में इस समय 150 परिचालकों को ई-टिकटिंग मशीनें मुहैया करवाई गई हैं। इनमें अधिकांश ई-टिकटिंग मशीनों में खामियां आ रही हैं।
बड़ी बात रास्ते में इंटरनेट की सुविधा न होने के कारण अक्सर यह मशीनें काम नहीं कर पाती। कई रास्ते में ही खराब हो जाती हैं और काम नहीं कर पा रही हैं। रोडवेज के परिचालकों के अनुसार, ई-टिकटिंग मशीनों को शुरू व बंद करने से पहले इंटरनेट जरूरी होना चाहिए। यह मशीनें सर्वर के माध्यम से चलती हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 15 मशीनें पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं। ये सर्वर नहीं उठा पा रही हैं क्योंकि उनमें तकनीकी खामी आ गई थी।
फतेहाबाद में इन ई-टिकटिंग मशीनों को शुरू किए हुए अभी 3 माह का समय भी नहीं बीता है, लेकिन इससे पहले ही यह मशीनें पूरी तरह से खराब होना शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में परिवहन विभाग को इसका नुकसान उठाना पड़ता है। परिचालकों को ई-टिकटिंग मशीन छोड़कर मजबूरन मैनुअल तौर पर टिकट काटने पड़ रहे हैं। उनका कहना है कि सहुलियत के लिए दी गई ई-टिकटिंग मशीनें कई बार उनकी परेशानियों का सबब बन जाती हैं।
कोट
ई-टिकटिंग मशीनों में खामियों की शिकायतें आ रही हैं। कई बार इंटरनेट डाउन होने के चलते यह मशीनें काम नहीं करती। हालांकि परिचालकों को अलग से टिकटें भी मुहैया करवाई जा रही हैं, ताकि इस स्थिति में वह मैनुअल तरीके से टिकटें काट सकें।
-हवा सिंह राड़, स्टेशन अधीक्षक, रोडवेज फतेहाबाद।