गांव मेहूवाला में सुबह के समय छाए बादल। संवाद
फतेहाबाद। जिले में मंगलवार सुबह से मौसम में बदलाव आया, जिससे न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। जिले का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर बादल रहे, लेकिन बीच-बीच में तेज धूप से गर्मी का अहसास हुआ। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मंगलवार रात तक हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान में वृद्धि हो रही थी, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस हो रही थी। हालांकि सुबह और शाम ठंड का अहसास बना हुआ था। मौसम में इस बदलाव को लेकर जिले के किसान बारिश की उम्मीद कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि इस बार रबी सीजन में बारिश की कमी रही है, जिसके कारण गेहूं की फसल को बार-बार सिंचाई करनी पड़ रही है। अगर इन दिनों बारिश नहीं हुई, तो रबी फसलों की पैदावार में गिरावट हो सकती है।
सहायक विकास अधिकारी डॉ. बहादुर गोदारा ने बताया कि फरवरी तक अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा नहीं होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में यह 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि गेहूं की फसल की सिंचाई नियमित रूप से करते रहें। यदि बारिश होती है और तापमान गिरता है, तो गेहूं की फसल का पकाव बेहतर होगा और पैदावार में सुधार हो सकता है।
:: जिले में मंगलवार को मौसम में परिवर्तन देखने को मिला। हल्की बूंदाबांदी के आसार है, इससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। परंतु इसके बाद मौसम खुश्क एवं उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने की उम्मीद हैं।
-डॉ. मदन खिचड़, विभागाध्यक्ष मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार।