फतेहाबाद। एमएम कॉलेज में नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प लेते विद्यार्थी व
फतेहाबाद। मनोहर मेमोरियल पीजी कॉलेज में शनिवार को नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की सामाजिक बुराई से दूर रखकर राष्ट्र के सर्वांगीण विकास एवं विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएम एजुकेशन सोसायटी के प्रधान राजीव बत्रा ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी देश की रीढ़ की हड्डी और ऊर्जा का स्रोत होते हैं। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के फील्ड ऑफिसर ने मनोज कुमार ने सफल आयोजन पर कॉलेज प्रशासन को बधाई दी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से डॉ. विकेश सेठी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता यमुनानगर से पहुंचीं हरियाणा यूथ आइकॉन अंशिका कथूरिया ने सपरिवार भाग लिया। युवाओं में नया जोश भरते हुए अंशिका ने कहा कि देश के उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की पटकथा युवाओं के हाथों लिखी जानी है। विशेष अतिथि जिला युवा ऑफिसर रीना केसरिया ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपक्रमों के बारे में जानकारी दी।
विशिष्ट अतिथि के तौर पर देशभर में 12वीं कॉमर्स टॉपर रही काव्या चौधरी ने भाग लिया। प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से 15 अगस्त तक देशभर के 150 प्रतिष्ठित कॉलेजों और विश्वविद्यालयों का चयन इस विशेष अभियान के लिए किया गया है। इसमें एमएम कॉलेज का चयन होना पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है। इस अवसर पर कैप्टन देवेन्द्र गेरा, डॉ. सीमा शर्मा, प्रो. भव्या मुखी, प्रो. मीनाक्षी कोहली, प्रो. तृप्ता, डॉ. संध्या अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।