रतिया। रतिया के तहसीलदार विजय कुमार, रजिस्ट्री क्लर्क व अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के मामले की जांच करने सोमवार को जिला राजस्व अधिकारी श्यामलाल रतिया पहुंचे। शिकायत करनेवाले भाजपा कार्यकर्ताओं के बयान दर्ज किए गए।
पिछले दिनों भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के फतेहाबाद दौरे के दौरान कार्यकर्ता बैठक में भाजपा जिला सचिव कुलवंत सैनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उपायुक्त मनदीप कौर ने मामले की जांच जिला राजस्व अधिकारी श्यामलाल को सौंपी है। सोमवार शाम को डीआरओ तहसील कार्यालय में पहुंचे और शिकायत करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के बयान कलमबद्ध किए।
डीआरओ श्यामलाल ने बताया कि उपायुक्त के आदेशों पर वह जांच करने पहुंचे हैं। फिलहाल शिकायतकर्ता कुलवंत सैनी सहित तीन लोगों व कुछ तहसील कार्यालय के कर्मचारियों के बयान लिए गए हैं। अभी जांच जारी है। दो-तीन दिन में जांच पूरी करके रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी जाएगी। वहीं, शिकायतकर्ता कुलवंत सैनी ने बताया कि उन्होंने जांच अधिकारी को अपने बयान दर्ज करवा दिए हैं। उन्होंने तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई करने और उनके तबादले की मांग की है।
गौरतलब है कि भाजपा जिला सचिव कुलवंत सैनी, शहरी मंडल अध्यक्ष सुखविंद्र गोयल, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जसकरण सिंह ग्रेवाल ने शिकायत देकर तहसीलदार पर बिना रुपये दिए काम नहीं करने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा समाधान शिविर के दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग से लाभार्थियों से बात की गई, उस समय भी जिला महामंत्री अशोक जाखड़ ने रतिया तहसीलदार की शिकायत सीएम से की थी। सीएम ने ही डीसी को जांच करके रिपोर्ट मुख्य सचिव कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए थे।