फतेहाबाद। पिछले पांच दिनों से जिले में कोहरा छाने के कारण नागरिकों को सफर करने में काफी दिक्कत हो रही है। वहीं सबसे ज्यादा दिक्कत नागरिकों को उस सड़क पर हो रही जहां पर पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। फतेहाबाद से पंजाब के बुढलाडा जाने वाली सड़क पर काफी समय से पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। जिस कारण रोजाना सफर करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
फतेहाबाद के फोरलेन बाईपास से लेकर पूरे रतिया शहर तक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। यह निर्माण कार्य पिछले साल से शुरू है। सरकार द्वारा पंजाब सीमा से राजस्थान सीमा तक सड़क का पुनर्निर्माण करवाया जा रहा है। जिले में पिछले साल बाढ़ आने पर पानी की निकासी की काफी दिक्कत आई थी। इसके चलते प्रशासन ने इस सड़क पर पहले साइफन बनाने, उसके बाद सड़क का निर्माण करवाने के निर्देश दिए थे।
फतेहाबाद से रतिया तक कुल 35 से अधिक साइफन बनाए जा रहे हैं। जिनका निर्माण कार्य जारी है, वहीं फतेहाबाद से रतिया के बीच आने वाले गांव अयाल्की व अहरवां में सड़क का निर्माण कर दिया है। रतिया तक सड़क उखाड़ दी गई है। सड़क उखाड़ने के कारण कई जगह गड्ढे भी बन चुके है।
-
सड़क पर चल रहे पुनर्निर्माण के कार्य के दौरान नहीं कोई सुरक्षा संबंधी संकेत
- फतेहाबाद से रतिया व रतिया से फतेहाबाद रोजाना सफर करने वाले यात्रियों सनोली, जितेंद्र, मुकेश, गगनदीप आदि ने बताया कि उनका इस सड़क पर वे रोजाना सफर करते हैं। पहले रतिया से फतेहाबाद आने में मात्र 30 मिनट लगते थे। जब से सड़क का कार्य शुरू हुआ तब से 15 मिनट अधिक समय लगता है। वहीं अब पांच दिनों से लगातार छा रहे कोहरे के कारण फतेहाबाद से रतिया जाने में 1 घंटा भी लग जाता है। सड़क पर चल रहे पुनर्निर्माण का कार्य तो चल रहा लेकिन सड़क पर कोई भी सुरक्षा संबंधी संकेत भी नहीं लगे हैं।
-
मैं गांव अहरवां के सरकारी स्कूल में अध्यापक के पद पर तैनात हूं। फतेहाबाद से अपनी ड्यूटी के लिए गांव में जाता हूं। काफी समय से सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है लेकिन पिछले 5 दिनों से छा रहे कोहरे के कारण स्कूल जाने में काफी दिक्कत होती है। सड़क पर किसी भी प्रकार के सुरक्षा संबंधित संकेत नहीं लगाए गए हैं जिस कारण हादसे होने का खतरा रहता है।
- देवेंद्र सिंह दहिया, मुख्य अध्यापक, अहरवां स्कूल
-
मैं रोजाना रतिया कोर्ट में काम किए जाता हूं, रतिया के बीच आने वाले गांव में तो सड़क बन गई है, लेकिन बाकी जगह काम चल रहा है। वहीं रास्ते में बने रहे साइफन के निर्माण के पास भी कोई सुरक्षा को लेकर प्रबंध नहीं है। इन दिनों कोहरे के कारण काफी बार छोटे-छोटे हादसे भी हो चुके हैं।
- एडवोकेट जसकरण हुंदल, निवासी, गांव अहरवां।
मैं फतेहाबाद से रतिया रोजाना स्कूटी पर सफर करती हूं। रास्ते का निर्माण कार्य चलने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी आती है। कोहरे के कारण जो सफर मात्र 30 मिनट का था, अब निर्माण कार्य चलने व कोहरे के कारण एक घंटे से भी अधिक का समय लगता है। प्रशासन को सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए, ताकि सर्दी के मौसम में सफर करने में कोई दिक्कत ना हो।
- गिन्नी अरोड़ा, निवासी, फतेहाबाद
मैं हिसार का रहने वाला हूं, रोजाना हिसार से गांव अहरवां तक सफर करता हूं। सड़क निर्माण के दौरान काफी बार हादसे का खतरा रहता है। अब कोहरा छाने के कारण हादसा होने का खतरा बढ़ गया है।
- सुभाष बिश्नोई, निवासी, हिसार