फतेहाबाद के जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में एसडीओ को समस्याएं बताते हुए स्त्रोत संगठन
फतेहाबाद। सीवरेज व जलापूर्ति में आ रही परेशानियों के बारे में नागरिक अधिकार मंच जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सतपाल रोज से मिला। नागरिक मंच ने वर्ष 2021 में शामिल हुई शहर की आउटर कॉलोनियों जिसमें कालिदास कॉलोनी, भागचंद कॉलोनी, भगत कॉलोनी, शर्मा कॉलोनी, एकता कॉलोनी, हरनाम कॉलोनी, स्वामी नगर, हंस कॉलोनी आजाद नगर आदि कॉलोनियों में सीवरेज व्यवस्थ ना होने के चलते आ रही परेशानी के बारे में चर्चा की गई।
एसडीओ सतपाल रोज ने बताया कि इन कॉलोनियों के लिए सीवरेज पाइप लाइन टेंडर लग चुके हैं और फरवरी मास में काम शुरू हो जाएगा। इन कॉलोनियों में नहरी पानी आपूर्ति के लिए अलग से एस्टीमेट बनाया जाएगा। इसके अलावा जगजीवनपुरा, चौधरी एक्सटेंशन पार्ट दो, सुंदर नगर व योग नगर में पुरानी जल आपूर्ति पाइप लाइन को बदलने का भी एस्टीमेट बनाया जाएगा।
शहर के बीघड़ रोड, जाट धर्मशाला रोड, भट्टू रोड व मुख्य रोड पर बारिश के पानी की निकासी के लिए भी जल्द प्रोजेक्ट बनाया जाएगा। शहर में सीवरेज व्यवस्था ब्लॉकेज की समस्या को निपटने लिए सुपर सकर मशीन द्वारा कार्य शुरू हो चुका है। मंच ने शहर की विभिन्न कालोनियों में सीवरयुक्त जल आपूर्ति का भी मुद्दा उठाया।
शिष्टमंडल में मंच के संयोजक राजीव सेतिया, सह संयोजक दुष्यंत शर्मा, पूर्व संयोजक एवं पार्षद मोहन लाल नारंग, पार्षद प्रतिनिधि हंसराज योगी, अल्फा आरडब्ल्यूए के सचिव डॉक्टर पृथी सिंह बाना, बेग राज, पार्षद मास्टर चंद्र भान, केदार जांगरा आदि शामिल रहे।