फतेहाबाद। पानी और सीवरेज के बिल जमा करवाने के लिए उपभोक्ता गंभीर नहीं है। हालात ये है कि दिसंबर 2025 तक उपभोक्ता करीब 15 करोड़ रुपये का पानी पी गए लेकिन बिल जमा नहीं करवाया है। करीब ढाई करोड़ रुपये ही बिल बीते वित्त वर्ष में जमा हुआ है।
इस बकाया में शहर फतेहाबाद में ही 6 करोड़ रुपये है और रिकवरी मात्र 1.25 करोड़ रुपये रिकवरी हो पाई है। यह हालात तब है जब जनस्वास्थ्य विभाग ने अवैध कनेक्शन काटने का अभियान चलाया हुआ है और नोटिस दिए जा रहे हैं। रिकवरी में फिसड्डी रहने पर जनस्वास्थ्य विभाग ने अब बकाया बिल पर लगाए गए जुर्माना को माफ कर दिया है यानि 10 फीसदी की छूट दी है।
बीते शुक्रवार को पोर्टल पर बिल भी अपडेट हो गए हैं। जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से 31 दिसंबर 2025 तक के बकाया बिलों पर 100 प्रतिशत पेनल्टी माफ का फायदा तब ही मिलेगा जब उपभोक्ता 31 मई 2026 तक अपना पूरा बकाया और वर्तमान बिल जमा कर दें। हालांकि ये फायदा उन्हें मिलेगा जिन्होंने घरों पर पानी के मीटर लगा रखे हैं। शहर फतेहाबाद में ही 17480 पानी के कनेक्शन हैं।
-
पांच शहरों पर 15 करोड़ का बकाया
जिले के पांच शहरों पर करीब 15 करोड़ रुपये का पानी बिल बकाया है। इनमें सबसे अधिक बकाया फतेहाबाद शहर पर करीब 6 करोड़ रुपये है। इसके अलावा अन्य शहरों पर 9 करोड़ रुपये बकाया है। अधिकारियों की माने तो इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और बकाया वसूली भी बढ़ने की उम्मीद है।
- गजट नोटिफिकेशन के सात दिन बाद अपडेट हुए बिल
सरकार ने छूट को लेकर नए वित्त वर्ष की शुरुआत में ही नोटिफिकेशन जारी कर दिया था लेकिन पोर्टल पर बिल हाल में अपडेट हुए है। 31 दिसंबर 2025 तक के बकाया बिलों पर पूरी पेनल्टी माफ करने का निर्णय लिया है। हालांकि इसके लिए उपभोक्ताओं को 31 मई 2026 तक अपना बकाया और चालू बिल दोनों जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान करने पर ही यह छूट लागू होगी। इस योजना का लाभ केवल मीटरयुक्त पानी कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को ही मिलेगा। जिनके पास अभी तक बिना मीटर के कनेक्शन हैं उन्हें पहले मीटर लगवाना होगा।
जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से बकाया बिल जमा करवाने के लिए उपभोक्ताओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है। अब सरकार की तरफ से 10 फीसदी की छूट भी दी गई है। इस योजना का फायदा उठाते हुए बकाया बिल जमा करवाएं।
-सतपाल रोज, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग