टोहाना के विधायक देवेंद्र सिंह बबली और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के गांवों में सरपंच पद ओपन हो गए हैं। विधायक देवेंद्र सिंह बबली का पैतृक गंाव बिढ़ाईखेड़ा है जहां सरपंच पद अनारक्षित होगा। इसी तरह पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का पैतृक गंाव डांगरा है जहां का सरपंच पद भी अनारक्षित रहेगा यहां महिला या पुरुष कोई भी चुनाव लड़ सकता है। वहीं पूर्व कृषि मंत्री परमवीर सिंह के गंाव लोहाखेड़ा में अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित कर दिया है। बड़ी बात यह है कि उपमंडल के गांव समैण और कन्हड़ी महिला आरक्षित एससी से बाहर ओपन आ गया है। बुधवार को खंड विकास एवं पंचायत विभाग ने एसडीएम नवीन कुमार की अध्यक्षता में टोहाना खंड से जुड़े सभी 49 गांवों में सरपंच पदों से जुड़ी आरक्षण सूची को लेकर ड्रा निकाला। वहीं वीरवार को जाखल खंड के लिए ड्रा एसडीएम नवीन कुमार की अध्यक्षता में निकाला जाएगा।
अनुसूचित जाति के हिस्से आए ये गांव : पंचायत कार्यालय में निकाले गए ड्रा के अनुसार ब्लाक की 49 पंचायतों में से 10 पंचायतों के लिए पदों को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया है जिसमें पिरथला, भोडी, पूर्णमाजरा, हंसावाला, नन्हेड़ी शामिल है। अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आए गांवों में पूर्व कृषि मंत्री के गांव रहे लोहाखेड़ा, कमालवाला, चितैण और सलेमपुरी शामिल है। सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए पारता, बलियाला, चंदडकलां, हिंदालवाला, हैदरवाला, रत्ताखेड़ा, भोडियाखेड़ा, ठरवी, फतेहपुरी, धारसूल खुर्द, इंदाछोई व रसुलपुर शमिल है। इसी प्रकार अनारक्षित में अकांवाली, भीमेवाला, बिढ़ाईखेडा, चंदडख़ुर्द, डांगरा, धारसूल कलां, अमानी, दमकौरा, गाजूवाला, हिम्मतुपरा, जमालपुर शेखा, कन्हड़ी, खनौरा, कुलां, ललौदा, लल्लुवाला, मादुवाना, मामुपुर, मंघेडा, नांगला, रहनवाली, समैण, सनियाना, सिंबलवाला व ठरवा में अनारक्षित रखा गया है।
ये बोले अधिकारी : एसडीएम नवीन कुमार और बीडीपीओ नरेंद्र सिंह ने बताया कि ड्रा के लिए तिथि पहले तय कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि ब्लाक की 49 पंचायतों में से 10 पंचायतें अनुसूचित जाति के लिए व 39 पंचायतों को जनरल के लिए आरक्षित किया गया है। बीडीपीओ ने बताया कि अनुसूचित जाति की 10 पंचायतों में से चार पंचायतों पर एससी महिलाए व 39 पंचायतों में 13 पंचायतें जनरल महिला पद के लिए आरक्षित की गई है। बीडीपीओ ने बताया कि गांव बिढ़ाई खेड़ा और डांगरा ओपन श्रेणी में रहेगा वहां कोई भी चुनाव लड़ सकता है।