फतेहाबाद। पुलिस विभाग बुधवार को बच्चों की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धांत जैन ने अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय पूरी तरह सतर्क और जागरूक रहें। कुछ स्थानों पर ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें अज्ञात व्यक्ति नकली वैन/गाड़ी का उपयोग कर बच्चों को ले जाने का प्रयास करते हैं।
एसपी ने बताया कि स्कूली बच्चों की गाड़ियों के समय से पहले कोई अन्य वैन आकर हॉर्न बजाती है और स्वयं को असली ड्राइवर का परिचित बताकर बच्चों को अपने साथ ले जाने की कोशिश करती है। अभिभावकों की सतर्कता ही इस प्रकार की संभावित घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक और स्कूल प्रबंधन दोनों को सजग रहना होगा। ड्राइवर या गाड़ी बदलने की स्थिति में इसकी जानकारी समय रहते सभी अभिभावकों को दी जानी चाहिए। इसके साथ ही, स्कूल प्रबंधन को अपने-अपने व्हाट्सएप ग्रुप्स या अन्य माध्यमों से नियमित रूप से ड्राइवर और गाड़ी की जानकारी साझा करनी चाहिए।