फतेहाबाद के भोड़िया खेड़ा स्टेडियम में डॉक्टर मैच खेलने के बाद युवाओं को शपथ दिलवाते हुए
फतेहाबाद। युवाओं को नशे, तंबाकू और एचआईवी जैसे खतरनाक बीमारियों से बचाने के लिए नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने क्रिकेट टीम बनाई हैै। टीम युवाओं के साथ क्रिकेट मैच खेल उनको नशे से दूर रहने का आह्वान करती है।
मैच खत्म होने के बाद चिकित्सक बीमारियों को लेकर जागरूक कर रहे हैं और नशा न करने को लेकर शपथ भी दिलवा रहे हैं। अस्पताल की टीम में उप सिविल सर्जन मेजर डॉ. शरद तुली, डॉ. कुलदीप चौधरी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश कसवां, एचआईवी कोऑर्डिनेटर रमेश ढाका, फार्मेसी ऑफिसर प्रमोद, इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मी मनीष रावत, अजय, रोहित, सुशील, सुरेश आदि शामिल हैं।
रविवार को अभियान के तहत भोड़िया खेड़ा स्टेडियम में नागरिक अस्पताल की टीम व गांव मानावाली के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। इस मैच में नागरिक अस्पताल की टीम ने जीत हासिल की। नागरिक अस्पताल टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 99 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते उतरी गांव मानावाली कि टीम 15 ओवर में 88 रन ही बना सकी। मैच के बाद चिकित्सकों ने गांव मानावाली के युवाओं को नशा न करने और तंबाकू से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई।
-नागरिक अस्पताल की टीम हर रविवार को अलग-अलग गांव के साथ मैच खेलेगी। इसके पीछे का लक्ष्य हर गांव को तंबाकू और एड्स मुक्त बनाना है। आज युवा हुक्का-बीड़ी आदि को शौक के तौर पर लेते है लेकिन बाद में बड़े नशे का रूप लेता है। बच्चों को नशे से बचाव के प्रति जागरूक करना चाहिए।
- मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन, फतेहाबाद।