फतेहाबाद। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के डिस्ट्रिक्ट मार्केटिंग इंफोर्समेंट ऑफिसर (डीएमईओ) सुल्तान सिंह को सरकार ने निलंबित कर दिया है। बोर्ड के मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह की ओर से 3 अगस्त को उनके निलंबन के आदेश जारी किए गए हैं।
आदेश के अनुसार निलंबन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक का कार्यालय रहेगा। इस दौरान वे बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
हालांकि जारी निलंबन आदेश में कार्रवाई की किसी स्पष्ट वजह का उल्लेख नहीं किया गया है लेकिन प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को समर्थन देने के मामले में उनके खिलाफ शिकायत हुई थी जिसके बाद यह गाज गिरी है।
वहीं इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डीएमईओ सुल्तान सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी भी प्रदर्शन का समर्थन नहीं किया है और उनके खिलाफ झूठी शिकायत की गई है।
पहले भी विवादों में रहे हैं सुल्तान सिंह
सुल्तान सिंह इससे पहले भी काफी चर्चा में रह चुके हैं। जून 2020 में जब वे हिसार मार्केट कमेटी में बतौर सचिव तैनात थे उस दौरान भाजपा नेता एवं टिकटॉक स्टार दिवंगत सोनाली फोगाट के साथ उनका विवाद काफी सुर्खियों में रहा था। सोनाली फोगाट ने उनकी सैंडल से पिटाई तक कर दी थी।