फतेहाबाद। जिला युवा महोत्सव का आयोजन 19 और 20 नवंबर को चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय में किया जाएगा। राजकीय आईटीआई भोडिया खेड़ा की ओर से आयोजित इस महोत्सव की थीम नशा मुक्त युवा-विकसित भारत रखी गई है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे।
इच्छुक प्रतिभागी 13 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। महोत्सव में छह प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और समूह लोक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता शामिल हैं।
समूह प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: 28,700, 21,700 और 14,700 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं चित्रकला और कविता लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को क्रमश: 4,100, 3,100 और 2,100 रुपये मिलेंगे।
राजकीय आईटीआई भोडिया खेड़ा के प्रधानाचार्य सूरज पाल ने युवाओं से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ पंजीकरण फॉर्म, आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र और बैंक पासबुक या रद्द चेक की प्रति जमा करवानी होगी। अधिक जानकारी और आवेदन के लिए युवा राजकीय आईटीआई भोडिया खेड़ा में संपर्क कर सकते हैं।