फतेहाबाद। 47 डिग्री तापमान में हीट वेव के कारण जिलावासी हांफ रहे हैं। सुबह 9 बजे से पहले ही सूर्य की बढ़ती तपिश दिनभर लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर रही है। लू के गर्म थपेड़े हर किसी को बेहाल कर रहे हैं। घर से बाहर निकलते ही सूरज झुलसाने लगता है। ऐसे में लगातार कूलर-एसी में रहने के कारण बच्चों से लेकर बड़े तक खांसी-जुकाम से जूझ रहे हैं।
बिजली की खपत भी रोजाना तीन लाख यूनिट से ज्यादा हो रही है। इस कारण बिजली निगम का तंत्र पूरी तरह से डगमगा गया है। पावर ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त रखने के लिए दिन में 15 से 30 मिनट तक के कट लगाने पड़ रहे हैं।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से भी लोगों के मोबाइल फोन पर संदेश भेजकर हीट वेव से सचेत किया जा रहा है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 47 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। इस समय जिले में धरती तप रही है और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है।
चिकित्सक दे रहे दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में न निकलने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी भीषण गर्मी से बचाव के लिए हिदायतें दी गई हैं। नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. मनीष टुटेजा ने कहा कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में बिल्कुल न निकले। अगर मजबूरीवश निकलना पड़े तो सिर पर गमछा डाले या छतरी से धूप से बचाव करे। बच्चों को सीधे कूलरों के सामने न सुलाए, थोड़ी दूरी बनाकर रखें ताकि जुकाम व खांसी की बीमारी न हो। ज्यादा दिक्कत होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाए। दिन के समय पानी पर्याप्त मात्रा में पीए ताकि डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।
स्कूलों की छुट्टियां होने से बच्चों को मिली राहत
सोमवार को भीषण गर्मी में स्कूल लगाए गए। छोटे बच्चे दोपहर को छुट्टी के समय बेहाल नजर आए। हालांकि, बाद में शिक्षा विभाग की ओर से 30 जून तक की छुट्टियों के आदेश जारी कर दिए गए। इससे अभिभावकों व बच्चों ने राहत की सांस ली है। अभिभावक सुमन रानी, कुलदीप गोयल, सत्यदेव, नरेश कुमार आदि ने कहा कि छोटे बच्चों को स्कूल छोड़ने के समय ही भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही थी। दोपहर को छुट्टी के समय तो स्कूल से घर पहुंचने में बच्चे हांफने लगते थे। अब छुट्टी की घोषणा से इस स्थिति से बचाव होगा।
-
बाजार में बुरी तरह प्रभावित हो रहा कारोबार
झुलसाती गर्मी के कारण बाजार में कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बाजारों में दिन के समय तो नाममात्र ही ग्राहक नजर आ रहे हैं। सिर्फ शाम के समय ही जरूरत की चीजें खरीदने के लिए लोग घरों से निकल रहे हैं। दिनभर दुकानदार भी कूलर-एसी के सहारे समय बिता रहे हैं। दूसरी तरफ, शहर के पार्कों में भी शाम को 6:30 बजे के बाद ही लोग आ रहे हैं।
-
पिछले एक सप्ताह में शहर में बिजली की खपत
20 मई - 3,76,640 यूनिट
21 मई - 3,40,160 यूनिट
22 मई - 3,63,400 यूनिट
23 मई - 4,44,920 यूनिट
24 मई - 4,20,580 यूनिट
25 मई - 3,74,260 यूनिट
26 मई - 3,68,560 यूनिट
-
:: इस समय बिजली की खपत दोगुना तक हो गई है। बिजली सप्लाई की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार करवाया गया है। जहां भी जरूरत महसूस हो रही है, वहीं ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ा रहे हैं। कहीं तकनीकी खराबी आती है तो तत्काल कर्मचारी ठीक करने पहुंच रहे हैं।
माणिक, एसडीओ, सिटी सब डिविजन, फतेहाबाद