फतेहाबाद। जिला बार एसोसिएशन के आगामी चुनावों का बिगुल बज गया है। चुनाव समिति की ओर से चुनावी अधिसूचना जारी कर दी गई है जिसके तहत 11 सितंबर को नए पदाधिकारियों को चुनने के लिए मतदान होगा।
चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव अधिकारी अधिवक्ता संदीप टांटिया की अध्यक्षता में हुई चुनाव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक में चुनाव के पूरे शेड्यूल पर मुहर लगाई गई। तय कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव के लिए नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू होकर 3 सितंबर तक चलेगी।
प्रत्याशी दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच अपने पर्चे दाखिल कर सकेंगे। इसके तुरंत बाद 3 सितंबर को ही शाम 4 से 6 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। यदि कोई प्रत्याशी अपना नाम वापस लेना चाहता है, तो उसके लिए 4 सितंबर को दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक का समय तय किया गया है।
चुनाव समिति के अध्यक्ष संदीप टांटिया ने बताया कि बार एसोसिएशन के इस लोकतांत्रिक उत्सव को पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए सभी जरूरी नियम व शर्तें तय कर दी गई हैं।