फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिशा की बैठक : सांसद ने टैंकरों पर पुराने टायर और खुद के गलत नाम पर एक्सईएन को लगाई फटकार

Thu, 21 May 2026 10:08 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
लघु सचिवालय में दिशा की बैठक में मौजूद सांसद कुमारी सैलजा। 
विज्ञापन
फतेहाबाद। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक वीरवार को सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, पेयजल संकट पर अधिकारियों की जमकर फटकार लगाई। सांसद के सवालों पर अधिकारी बगलें झांकते नजर आए। करीब तीन घंटे चली बैठक में पंचायती राज विभाग और नगर परिषद के अधिकारी सांसद के निशाने पर रहे।
विज्ञापन

जिला पंचायत संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) हॉल में आयोजित बैठक में सांसद ने पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) देवेंद्र सिंह को फटकार लगाते हुए कहा कि अधिकारियों को उनके नाम की सही वर्तनी तक नहीं आती। पानी के टैंकरों पर उनका गलत नाम लिखा है और उनमें टायर पुराने लगाए हैं। सांसद ने पूछा कि उनकी अनुमति के बिना टैंकरों को कैसे जारी कर दिया गया। यदि वे स्वयं निरीक्षण न करतीं तो इस तरह की लापरवाही सामने ही नहीं आती।
चिल्ली झील की सफाई और सौंदर्यीकरण परियोजना में देरी पर सांसद ने नगर परिषद के एमई नरेंद्र पंवार को भी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि हर बैठक में एक ही बात सुनना ठीक नहीं है और कम से कम झील की सफाई तो करवाई जानी चाहिए। सांसद ने अपने मोबाइल फोन में 20 मई के फोटो दिखाते हुए कहा कि शहर की वास्तविक स्थिति किसी से छिपी नहीं है। जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
विज्ञापन

पपीहा पार्क और सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठा
शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर सांसद ने नगर परिषद अधिकारियों से कहा कि ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण हो रहे हैं, सड़कों को डंपिंग प्वाइंट बना दिया गया है और नहरों में कचरा डाला जा रहा है। अधिकारियों की आंखों के सामने गंदगी फैल रही है। सांसद ने पपीहा पार्क के टूटे ट्रैक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कम से कम उसकी मरम्मत तो करवाई जाए।
ग्रामीण बोले- 800 रुपये में मंगवाने पड़ रहे टैंकर
गांव भिरड़ाना के समाजसेवी विजय कुमार और मनप्रीत ने जल संकट का मुद्दा उठाया। विजय कुमार ने कहा कि गांव में पानी की आपूर्ति ठीक नहीं है और ग्रामीणों को 800 रुपये खर्च कर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। इस पर कार्यकारी अभियंता बलविंद नैन ने पेयजल संकट से इनकार किया तो ग्रामीणों ने कर्मचारियों पर गुमराह करने का आरोप लगाया। बाद में एक्सईएन ने सोमवार को गांव का दौरा करने की बात कही।
बिजली कार्यालय में अधिकारियों से नहीं हो पाती मुलाकात
गांव समैन के ग्रामीणों ने बिजली संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कार्यालय जाने पर कर्मचारी उन्हें अधिकारियों से मिलने तक नहीं देते। इस पर सांसद ने बिजली निगम के एसई एसएस रॉय से पूछा कि वे कार्यालय में बैठते भी हैं या नहीं। एसई ने सफाई देते हुए कहा कि पहले उनके पास हिसार का अतिरिक्त कार्यभार भी था लेकिन अब केवल फतेहाबाद देख रहे हैं और नियमित रूप से जनसुनवाई कर रहे हैं।
पॉलीक्लिनिक विवाद और पीपीपी की समस्या भी उठी
सांसद सैलजा ने सिविल सर्जन डॉ. बुधराम से पॉलीक्लिनिक में महिला स्टाफ द्वारा एक डॉक्टर पर लगाए आरोपों की प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।
सुंदर नगर निवासी सोमनाथ ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में अकेले सदस्य दर्ज होने के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित रहने की शिकायत उठाई। उन्होंने बताया कि वे तीन घंटे तक शिकायत लेकर बैठे रहे लेकिन खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने कोई समाधान नहीं किया।
परमवीर सिंह रहे सक्रिय, जरनैल सिंह अनुपस्थित
बैठक में रतिया के कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह अनुपस्थित रहे जिस पर सांसद ने अनभिज्ञता जताई। टोहाना के विधायक परमवीर सिंह सक्रिय नजर आए और अधिकारियों से क्षेत्र के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते रहे। सांसद ने बैठक में मनरेगा, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन समेत केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से आम जनता तक पहुंचना चाहिए। बैठक में डीसी डॉ. विवेक भारती, एसपी निकिता खट्टर, एडीसी अनुराग ढालिया, टोहाना एसडीएम आकाश शर्मा, डीआरडीए के सीईओ सुरेश कुमार, आरटीए संजय बिश्नोई और डीएमसी प्रवीण कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें