स्वास्थ्य महानिदेशक से मिलते हुए कर्मचारी स्त्रोत संघ
फतेहाबाद। अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक सेक्टर-6 स्थित स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में महानिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं के साथ हुई। इस दौरान कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं के बारे में चर्चा की गई।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश पालीवाल और फतेहाबाद से हरजीत सिंह ने बताया कि बैठक में एचकेआरएन के वार्ड सर्वेंट और सफाई कर्मचारियों को मेडिकल कॉलेज में डेपुटेशन पर भेजने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल ने संज्ञान लेते हुए डेपुटेशन जल्द बंद करवाने और भविष्य में कर्मचारियों को न भेजने का आश्वासन दिया।
आईटीआई व डिप्लोमाधारक कुशल तकनीकी कर्मचारियों का लेवल बदलने संबंधी फाइल भी अधिकारियों को सौंपी गई। कर्मचारियों के बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने का आश्वासन मिला जबकि हर माह सात तारीख से पहले वेतन देने के मुद्दे पर अभी सहमति नहीं बनी। बैठक में सेवा अवधि में मृत कर्मचारियों के एक्सग्रेशिया मामलों की सूची भी सौंपी गई।